
दुर्गापुर : दुर्गापुर के बेनाचिति स्थित तारामनगर काली मंदिर में मंगलवार रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई। अज्ञात चोरों ने मंदिर के ताले तोड़कर देवी के सोने-चांदी के आभूषण और दान पेटी में रखे नकद रुपये उड़ा लिए। बुधवार सुबह मंदिर खुलने पर पुजारी ने जब यह दृश्य देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया।
मंदिर समिति के सदस्यों के अनुसार, चोरी गए आभूषण और नकदी की अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। यह घटना हाल के दिनों में इस क्षेत्र में दूसरी बार हुई चोरी है, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, पुजारी ने सुबह जैसे ही मंदिर का द्वार खोला, उन्होंने देखा कि ताले टूटे हुए हैं और अंदर का सामान बिखरा पड़ा है। देवी के गले और हाथों से सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। इसके अलावा, दान पेटी (हुंडी) को भी तोड़कर उसमें रखी नकदी ले जाई गई थी।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मंदिर परिसर में जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। प्रांतिक फांड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर तुरंत रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की है कि पुलिस रात में गश्त बढ़ाए और मंदिरों में अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करे।
मंदिर समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन से आग्रह किया है कि दोषियों को शीघ्र पकड़ा जाए और चोरी गए सामान को बरामद किया जाए। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।














Users Today : 3
Users Yesterday : 16