
आसनसोल : बीते दिनों सृष्टि नगर स्थित सेंट्रम मॉल में आपराधिक तत्वों द्वारा मॉल में आए कुछ लोगों के साथ मारपीट की घटना ने शहरवासियों की सुरक्षा चिंताओं को गहरा कर दिया था। इस घटना के बाद मॉल परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोग तथा प्रशासन गंभीर हुए। इसी क्रम में मंगलवार को सेंट्रम मॉल के पास एक स्थायी पुलिस किओस्क स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

बंगाल सृष्टि के प्रतिनिधि विनय चौधरी ने बताया कि आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के सहयोग से इस किओस्क का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शाम के समय यहां पुलिसकर्मी नियमित रूप से तैनात रहेंगे, जिससे किसी भी प्रकार की अवांछित या आपराधिक गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
स्थानीय व्यापारियों और मॉल में आने वाले ग्राहकों ने इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि पुलिस की मौजूदगी से न केवल अपराधियों में भय रहेगा, बल्कि आम लोग भी खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे। हालिया घटना ने यह साबित कर दिया था कि ऐसे भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा की अतिरिक्त व्यवस्था आवश्यक है।

विनय चौधरी ने यह भी कहा कि यह किओस्क न केवल मॉल परिसर बल्कि आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा में भी सहायक होगा। पुलिस के तत्काल हस्तक्षेप से झगड़े, छेड़छाड़ या चोरी जैसी घटनाओं पर तुरंत अंकुश लगाया जा सकेगा। प्रशासन का मानना है कि यह पहल नागरिकों में विश्वास बहाल करने के साथ-साथ अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश होगी कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।














Users Today : 2
Users Yesterday : 16