
रानीगंज : बुधवार सुबह रानीगंज के मंगलपुर औद्योगिक क्षेत्र से सटे बांसड़ा इलाके में हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। 35 नंबर वार्ड, शहीद नगर का 20 वर्षीय मोहम्मद अल्तामस, जो स्थानीय एक गैरेज में कर्मचारी के रूप में कार्यरत था, 11,000 वोल्ट के करंट की चपेट में आकर मौत के मुंह में चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे अल्तामस गैरेज की छत पर नाली की सफाई का काम कर रहा था। इसी दौरान वह लोहे का पाइप नीचे उतार रहा था कि अचानक पाइप ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार से छू गया। तेज धमाके के साथ ही बिजली का झटका लगा और वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा। जोरदार आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग और गैरेज के अन्य कर्मचारी दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों ने फौरन उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना और पंजाबी मोड़ फाड़ी की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।

इस घटना ने क्षेत्र में बिजली विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि इतनी कम ऊंचाई पर 11,000 वोल्ट का तार गुजरना बेहद खतरनाक है, और उसके नीचे गैरेज जैसे कार्यस्थल का संचालन होना बड़ी लापरवाही है। विशेषज्ञ भी मानते हैं कि औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों में हाई वोल्टेज तारों की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच जरूरी है, ताकि ऐसे हादसे टाले जा सकें।
मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहम्मद अल्तामस परिवार का महत्वपूर्ण सहारा था। परिजन प्रशासन से उचित मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।














Users Today : 2
Users Yesterday : 16