
आसनसोल : त्योहारों के आगमन से पहले नगर की सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के उद्देश्य से आसनसोल नगर निगम के आलोचना सभागार में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें रानीगंज, जामुरिया और कुल्टी अंचल के सफाई सुपरवाइजरों को बुलाकर नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी वार्ड में गंदगी या नालियों की बदहाली की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में दुर्गा पूजा समेत कई प्रमुख त्योहार हैं, ऐसे में सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में डिप्टी मेयर अभिजीत घटक, वसीम उल हक, मेयर परिषद सदस्य मानस दास और गुरदास चटर्जी मौजूद रहे। उन्होंने सुपरवाइजरों से कहा कि सभी वार्डों में कूड़ेदानों की नियमित सफाई, नालियों की समय पर निकासी और सड़कों पर पानी जमा न होने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। यह भी कहा गया कि जिन इलाकों में शिकायतें मिल रही हैं, वहां तुरंत विशेष सफाई अभियान चलाकर समस्या का समाधान किया जाए।

अधिकारियों ने बताया कि नागरिकों की ओर से लगातार शिकायत मिल रही है कि कूड़ेदानों से समय पर कचरा नहीं उठाया जा रहा है, जिससे दुर्गंध फैलती है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ता है। वहीं कई वार्डों में नालियों के जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है, जिससे न केवल आवागमन बाधित होता है बल्कि बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। बैठक में यह तय हुआ कि ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित कर तत्काल सफाई की जाएगी और भविष्य में पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान की योजना बनाई जाएगी।
सफाई विभाग के अभियंता अबू जफर खान, सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रभारी कृष्ण पद घोष समेत सभी बोरो के सेंटर इंस्पेक्टर और वार्ड सुपरवाइजर भी बैठक में मौजूद थे। डिप्टी मेयर अभिजीत घटक ने कहा कि त्योहारों के दौरान आसनसोल को स्वच्छ और आकर्षक बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए न केवल सफाई कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी से काम करना होगा, बल्कि नागरिकों को भी जागरूक होकर सहयोग देना होगा।

मेयर परिषद सदस्य वसीम उल हक ने कहा कि हर वार्ड में कचरा उठाने के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं, लेकिन उनकी प्रभावी निगरानी आवश्यक है। मानस दास और गुरदास चटर्जी ने साफ किया कि वार्ड स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सुपरवाइजर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक का माहौल सख्त चेतावनी और स्पष्ट निर्देशों से भरा रहा। निगम प्रशासन ने यह भी संकेत दिया कि त्योहारों के समय शहर की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए अतिरिक्त संसाधन और कर्मी भी लगाए जाएंगे। नगर निगम का लक्ष्य है कि आने वाले दिनों में आसनसोल को एक स्वच्छ, स्वस्थ और त्योहारों के अनुरूप आकर्षक शहर के रूप में प्रस्तुत किया जाए।














Users Today : 2
Users Yesterday : 16