
कुल्टी : सेल के कोलियरी डिवीजन अंतर्गत रामनगर कोलियरी प्रबंधन कार्यालय के सामने लगातार दूसरे दिन भी ठेका श्रमिकों का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। मजदूरों ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चार माह का बकाया वेतन और बोनस अब तक नहीं मिला है। इतना ही नहीं, पीएफ कटौती के बाद भी जमा नहीं किया गया और कई श्रमिकों के बैंक खाते तक नहीं खोले गए।
जानकारी के अनुसार, रामनगर कोलियरी के सलानपुर सीम में लगभग 107 ठेका श्रमिक कार्यरत हैं। ये सभी झारखंड की आउटसोर्सिंग कंपनी ‘राकेश इंटरप्राइजेज’ के अधीन एक वर्ष से काम कर रहे हैं। मजदूरों का कहना है कि कंपनी का टेंडर समाप्त हो चुका है और अब यह स्पष्ट नहीं है कि उनके बकाया का भुगतान कौन करेगा। दुर्गापूजा निकट होने के बावजूद बोनस तक नहीं मिलने से नाराजगी और बढ़ गई है।

मजदूर दिनेश मंडल, मलय पाल, जयंत पाल, रूपा बाउरी और बबाई देवाशीष ने बताया कि चार माह से वेतन न मिलने के कारण वे भुखमरी की स्थिति में हैं। बच्चों की स्कूल फीस देने के लिए पैसे नहीं हैं और कई मजदूर महाजनों के कर्ज में फंस गए हैं। स्थिति यह है कि परिवार का गुजारा करना भी मुश्किल हो गया है।
धरना शुरू करने से पूर्व प्रबंधन को लिखित चेतावनी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजदूरों ने साफ चेतावनी दी कि यदि वेतन और बोनस का भुगतान तुरंत नहीं किया गया, तो वे वृहत्तर आंदोलन छेड़ेंगे, जिससे कोलियरी का कामकाज पूरी तरह ठप हो सकता है।

स्थानीय श्रमिक नेताओं ने भी इस आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि यह केवल आर्थिक समस्या नहीं, बल्कि श्रमिक अधिकारों के हनन का मामला है। यदि यह मुद्दा जल्द हल नहीं हुआ तो यह क्षेत्रीय राजनीति में भी गरमाहट पैदा करेगा। दुर्गापूजा से पहले मजदूरों की यह नाराजगी कोलियरी प्रबंधन के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है।














Users Today : 2
Users Yesterday : 16