
आसनसोल : रविवार को हीरापुर थाना क्षेत्र स्थित एमटीसी पल्लि गर्ल्स स्कूल इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि स्थानीय निवासी विकाश मंडल ने बदले की नीयत से आठ आवारा कुत्तों को खाने में जहर मिलाकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पशु प्रेमियों में गुस्से की लहर दौड़ गई।

मुर्गी मारने का बदला लिया
सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले विकाश मंडल की एक मुर्गी को आवारा कुत्ते ने मार डाला था। तभी से वह धमकी दे रहा था कि “मैं सारे कुत्तों को खत्म कर दूँगा।” आरोप है कि इसी गुस्से में उसने देर रात कुत्तों को जहरीला खाना खिलाया।

तीन की मौत, दो गंभीर
स्थानीय युवक सुमित भट्टाचार्य, जो प्रतिदिन इन कुत्तों को भोजन कराते थे, जब सुबह पहुंचे तो सामने दिल दहला देने वाला दृश्य था। तीन कुत्ते मृत पड़े थे, जबकि दो खून की उल्टी करते हुए तड़प रहे थे। दोनों को तत्काल इलाज के लिए ले जाया गया और सलाईन चढ़ाई गई, हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि उनकी जान बचाना बेहद मुश्किल है। वहीं, बाकी तीन कुत्तों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
पुलिस में लिखित शिकायत
सुमित भट्टाचार्य ने आरोपी के खिलाफ हीरापुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि विकाश ने जानबूझकर बदले की भावना से यह अमानवीय कृत्य किया। शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तैयारी चल रही है।

पशु प्रेमियों का आक्रोश
घटना से आक्रोशित पशु प्रेमी लिपिका चक्रवर्ती, पार्थो गाँगुली, रिंकू प्रसाद, शनि सिंह और कई अन्य लोगों ने थाने का घेराव किया। सभी ने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना है कि यह सिर्फ कुत्तों की हत्या नहीं बल्कि समाज में फैल रही क्रूरता और अमानवीयता का प्रतीक है।
आंदोलन की चेतावनी
पशु प्रेमियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि कुत्ते भी समाज का हिस्सा हैं और उनकी हत्या किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर जानवरों पर ऐसी क्रूरता कब तक जारी रहेगी।














Users Today : 27
Users Yesterday : 30