
दुर्गापुर : गुरुवार को दुर्गापुर में एक बस पर लिखे ‘जय श्रीराम’ नारे को ‘बांग्ला पक्ष’ नामक संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा सफेद कागज से ढकने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। इस घटना ने क्षेत्र में धार्मिक और भाषाई तनाव का माहौल बना दिया है। मामले के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने दुर्गापुर प्रखंड, आसनसोल संगठनात्मक जिला तथा अन्य संबद्ध संगठनों के साथ मिलकर दुर्गापुर थाना का घेराव किया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह केवल एक नारे को ढकने का मामूली कार्य नहीं है, बल्कि सुनियोजित तरीके से धार्मिक और भाषाई भावनाओं को आहत करने की कोशिश है। विहिप कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ‘बांग्ला पक्ष’ नामक संगठन लगातार समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास कर रहा है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दुर्गापुर थाना के बाहर जुटे। पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को हटाने की कोशिश में कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कई बार स्थिति तनावपूर्ण हो गई, हालांकि पुलिस बल की तैनाती के कारण स्थिति नियंत्रण में रही।

विहिप के जिलाध्यक्ष मनीष शर्मा ने कहा कि यह घटना केवल एक नारे को ढकने तक सीमित नहीं है। “यह हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं पर सीधा हमला है और इसके पीछे एक गहरी साजिश है। बंगाल में इस प्रकार की हरकतें समाज में सांप्रदायिक और भाषाई विभाजन पैदा करने के लिए की जा रही हैं।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया, तो आंदोलन और भी बड़े पैमाने पर किया जाएगा।
विश्व हिंदू परिषद ने इस संबंध में थाना में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि ‘बांग्ला पक्ष’ के कार्यकर्ताओं ने जानबूझकर ‘जय श्रीराम’ का नारा ढका, जिससे हिंदू समुदाय की भावनाएं आहत हुईं। संगठन ने इसे गंभीर अपराध बताते हुए पुलिस से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान विहिप नेताओं ने यह भी कहा कि बंगाल में लंबे समय से धार्मिक नारों और प्रतीकों को लेकर विवाद खड़े किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे राज्य सरकार और प्रशासन की नाकामी करार दिया और आरोप लगाया कि ऐसे संगठनों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।
वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।














Users Today : 24
Users Yesterday : 30