
आसनसोल : रविवार को आसनसोल के पूर्व मेयर एवं भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी ने राज्य सरकार द्वारा फिल्म बंगाल फाइल्स पर रोक लगाए जाने को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को देशभर में लोग देख रहे हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल सरकार नहीं चाहती कि राज्य की जनता इसे देख पाए। तिवारी ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों से सच छिपाने का प्रयास कर रही है।
जितेंद्र तिवारी ने कहा, “बंगाल सरकार चाहती है कि लोग इस फिल्म को न देखें। ठीक उसी तरह जैसे बांग्लादेश और पाकिस्तान की सरकारें भी नहीं चाहतीं कि लोग इसे देखें। दुख की बात यह है कि अपने ही राज्य की सरकार भी जनता को सच्चाई से दूर रखना चाहती है।”

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब देशभर में लोग फिल्म देख रहे हैं, तो बंगाल की जनता को यह अधिकार क्यों नहीं दिया जा रहा। तिवारी ने इस रोक को लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताया। उन्होंने कहा कि सरकार को यह डर सता रहा है कि फिल्म देखने के बाद लोग उसके असली चेहरे को पहचान लेंगे।
स्थानीय भाजपा नेताओं का कहना है कि बंगाल फाइल्स राज्य की वास्तविकताओं को उजागर करती है, जिसे छिपाने के लिए सरकार तरह-तरह के बहाने बना रही है। वहीं दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस समर्थक इस आरोप को बेबुनियाद बताते हुए कहते हैं कि फिल्म केवल राजनीतिक लाभ के लिए बनाई गई है।

रविवार को इस मुद्दे पर शहर में राजनीतिक बहस और तीखी चर्चा का माहौल रहा। आम लोगों में भी जिज्ञासा देखी गई कि आखिर ऐसी कौन-सी बातें फिल्म में दिखाई गई हैं जिनसे सरकार घबराई हुई है।














Users Today : 25
Users Yesterday : 35