
आसनसोल : आसनसोल के डांगा मोहिशीला स्थित एक निजी गैस कंपनी में कार्यरत श्रमिक सपन बावरी की शुक्रवार देर रात कार्यस्थल पर एक हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही न केवल परिजनों में शोक की लहर दौड़ पड़ी, बल्कि अन्य श्रमिकों और स्थानीय लोगों में भी रोष देखा गया। मृतक के परिजन कंपनी से उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।जानकारी के अनुसार सपन बावरी जुबली इलाके के निवासी थे और पिछले कुछ वर्षों से इस निजी गैस कंपनी में कार्यरत थे।

रोज की तरह शुक्रवार की रात भी वे अपनी ड्यूटी पर थे। तभी अचानक एक केबल टूटने की घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद श्रमिकों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे की जानकारी मिलते ही सपन बावरी के रिश्तेदार और परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजन रंजीत बावरी ने बताया कि उन्हें रात करीब पौने 9 बजे हादसे की सूचना मिली। वे तुरंत अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। रंजीत ने बताया कि सपन का एक 12 वर्षीय बेटा है और परिवार में पत्नी एवं वृद्ध मां भी हैं। ऐसे में अब परिवार पूरी तरह बेसहारा हो गया है।परिजनों ने कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि सपन बावरी के परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए ताकि भविष्य में उनके जीवनयापन में कोई परेशानी न हो।

समाचार लिखे जाने तक कंपनी के अधिकारी भी अस्पताल में मौजूद थे और परिजनों से बातचीत कर रहे थे।मृतक श्रमिक के सहयोगियों ने कंपनी की कार्यस्थल सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि केबल की समय पर मरम्मत या जांच की जाती, तो इस प्रकार की दुखद घटना टाली जा सकती थी। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि इस घटना की पूरी जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। यह हादसा न केवल एक परिवार की जीवनरेखा छीन ले गया, बल्कि यह भी दर्शाता है कि निजी कंपनियों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीरता अभी भी अपेक्षित है। अब यह देखना बाकी है कि कंपनी मृतक के परिवार के लिए क्या कदम उठाती है और प्रशासन इस घटना पर क्या कार्रवाई करता है।














Users Today : 4
Users Yesterday : 14