
सालानपुर : शनिवार को सालानपुर थाना पुलिस ने रूपनारायणपुर डीएवी स्कूल की कक्षा 10 की छात्रा को महाराष्ट्र के नासिक से सुरक्षित बरामद कर लिया। यह वही छात्रा है, जिसकी गुमशुदगी और फिरौती मांगने के संदेशों से इलाके में सनसनी फैल गई थी। परंतु जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को चौंका दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह पूरा मामला एक काल्पनिक अपहरण का नाटक निकला, जिसे छात्रा ने स्वयं रचा था। जानकारी के मुताबिक, 19 जुलाई को पारिवारिक विवाद के कारण वह घर छोड़कर आसनसोल स्टेशन पहुंची और वहां से ट्रेन पकड़कर बिहार चली गई। रास्ते में उसकी मुलाकात कुछ युवकों से हुई, जो गुजरात और महाराष्ट्र काम करने जा रहे थे। छात्रा ने उन्हें यह कहकर भावनात्मक रूप से प्रभावित किया कि वह अनाथ है और घर के अत्याचार से तंग आकर भाग आई है।

युवकों ने छात्रा की कहानी पर विश्वास किया और उसे अपने साथ नासिक ले गए। वहीं से छात्रा ने अपने परिवार को वीडियो कॉल पर रोते हुए और हाथों को घूंघट से बांधकर अपहरण का नाटक रचा। यहां तक कि तीन लाख रुपये की फिरौती की मांग भी स्वयं के मोबाइल से परिवार को भेजी। इस घटना ने पूरे परिवार और इलाके को दहशत में डाल दिया।
सालानपुर थाना पुलिस ने अपहरण की आशंका के आधार पर व्यापक जांच शुरू की। विभिन्न राज्यों में जांच दल भेजे गए और मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर छात्रा के नासिक में होने की पुष्टि हुई। स्थानीय पुलिस की मदद से शुक्रवार देर रात छात्रा को नासिक की एक झुग्गी बस्ती से बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने शनिवार को छात्रा को नासिक अदालत में पेश कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद छात्रा को सालानपुर लाने की तैयारी शुरू हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रेस्क्यू के दौरान वहां कोई भी आरोपी युवक मौजूद नहीं था।
छात्रा के पिता ने पुलिस की तत्परता और मेहनत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी बेटी के सुरक्षित लौटने से उन्हें राहत मिली है। फिलहाल पुलिस छात्रा से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि उसने इतनी बड़ी योजना क्यों बनाई और किन कारणों से घर छोड़ने को मजबूर हुई।
यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और अभिभावकों के लिए चेतावनी है कि किशोरावस्था में बच्चों की मानसिक स्थिति और समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।














Users Today : 9
Users Yesterday : 16