
बर्नपुर : बर्नपुर रिवर साइड स्कूल की नन्ही छात्रा आशी श्रीवास्तव ने अपनी प्रतिभा का लोहा अंतरराष्ट्रीय मंच पर मनवाया है। महज 9 वर्ष की आयु में आशी ने कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित 9वीं अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप 2025 में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। आशी ने काता (Kata) और कुमिते (Kumite) दोनों श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया।
आशी की सफलता के पीछे उनके गुरु श्री सिंकू बनर्जी का योगदान अहम माना जा रहा है। आशी स्वयं मानती हैं कि सिंकू सर की मेहनत, अनुशासन और निरंतर मार्गदर्शन ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है। इस अवसर पर आशी के पिता अनूप कुमार श्रीवास्तव ने भावुक होकर कहा, “यह क्षण हमारे लिए गर्व का है। आशी ने न सिर्फ हमारा बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इसके पीछे सिंकू सर का मार्गदर्शन ही मुख्य आधार है।”

आशी की इस उपलब्धि पर बर्नपुर रिवर साइड स्कूल ने भी गर्व व्यक्त किया है और उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।

आशी का सपना है कि वह भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए मेडल जीते और देश का गौरव बढ़ाए। उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे आसनसोल और पश्चिम बर्धमान जिले के लिए भी गर्व का क्षण बन गई है।














Users Today : 8
Users Yesterday : 16