
रानीगंज : शुक्रवार को मतदाता सूची की जांच और संशोधन को लेकर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बीच राजनीतिक तनातनी तेज हो गई। बंगाल विधानसभा चुनाव में अभी समय शेष है, किंतु इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भाजपा ने मुख्य चुनाव आयोग की कार्रवाई का स्वागत किया है, वहीं टीएमसी ने इसे भाजपा की राजनीतिक साजिश करार दिया है।
इसी संदर्भ में शुक्रवार को रानीगंज के सष्टि गोड़िया पब्लिक लाइब्रेरी में एक सभा का आयोजन किया गया। इसमें टीएमसी के राज्य संपादक वी. शिवदासन दासु मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। सभा में रानीगंज टाउन टीएमसी अध्यक्ष रूपेश यादव, बोरो चेयरमैन मुजम्मिल शहजादा समेत अनेक पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए वी. शिवदासन दासु ने कहा कि भाजपा मतदाता सूची में फेरबदल कर बंगाल में भी दिल्ली, बिहार और महाराष्ट्र की तरह सत्ता हासिल करना चाहती है। उन्होंने टीएमसी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर पर सतर्क रहें और मतदाता सूची में किसी भी गड़बड़ी पर नजर रखें।
टीएमसी नेताओं का आरोप है कि भाजपा मतदाता सूची से वास्तविक मतदाताओं के नाम हटवाने और फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़ने की कोशिश कर रही है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रूपेश यादव ने कहा कि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी कार्यकर्ता सतर्क हैं और किसी भी प्रकार की अनियमितता को सफल नहीं होने देंगे।

सभा में यह भी कहा गया कि बाहरी घुसपैठियों, विशेषकर बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों के प्रवेश को रोकने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) की है। यदि सीमा पर रोकथाम नहीं हो पा रही है तो यह केंद्र सरकार की नाकामी है। टीएमसी नेताओं ने कहा कि उनकी पार्टी का हर कार्यकर्ता कमीटी और बूथ स्तर पर चौकसी बरतेगा, ताकि एक भी वास्तविक मतदाता का नाम सूची से न हटे और कोई फर्जी नाम जोड़ा न जाए।

टीएमसी ने सभा के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि वे जनसंपर्क बढ़ाएँ और मतदाताओं को जागरूक करें। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मुद्दा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा चुनावी विवाद बन सकता है। भाजपा और टीएमसी के बीच इस पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर अभी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।














Users Today : 7
Users Yesterday : 16