
अंडाल : मंगलवार सुबह अंडाल थाना क्षेत्र के काजोड़ा मोड़ पर स्थित पंजाब बैंक के सामने कन्हाई मोबाइल शॉप में हुई चोरी की वारदात ने पूरे इलाके के व्यापारियों को हिलाकर रख दिया। चोरों ने दुकान की छत तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे 21 मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। दुकान के मालिक कबीर कुमार बरनवाल के अनुसार, चोरी हुए फोनों की कुल कीमत लगभग दो लाख रुपये है। इन 21 मोबाइल फोनों में 12 सेकंड हैंड फोन थे, जिनमें तीन महंगे आईफोन भी शामिल थे, जबकि तीन बिल्कुल नए फोन और कुछ गिरवी रखे गए फोन भी चोरी हो गए।
कबीर कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 9 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे, तो सबसे पहले छत टूटी हुई नजर आई। अंदर पहुंचकर देखा तो शटर के भीतर सब कुछ अस्त-व्यस्त था और मोबाइल फोन गायब थे। चोर यहीं नहीं रुके, उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और उसका हार्ड डिस्क भी तोड़कर अपने साथ ले गए, ताकि कोई सुराग न छोड़ा जाए।

सूचना मिलते ही अंडाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कहा कि यह इलाका दिन में व्यस्त रहने के बावजूद रात में सुनसान हो जाता है, और चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारी वर्ग में गहरी चिंता व्याप्त है। व्यापारियों ने मांग की है कि पुलिस रात में गश्त बढ़ाए और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करे। वहीं, आम लोगों का कहना है कि बार-बार होने वाली इस तरह की वारदातों से इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठते हैं। अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से चोरों तक पहुंच पाती है और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर पाती है।















Users Today : 3
Users Yesterday : 16