
आसनसोल : गुरुवार को 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आदिकार्ना फाउंडेशन ने आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 19 अंतर्गत सीतारामपुर के आदिवासी पाड़ा में ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का आयोजन कर देशभक्ति की गूंज पूरे क्षेत्र में फैला दी। इस कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और पुरुषों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर तिरंगे के प्रति अपना सम्मान और प्रेम प्रदर्शित किया।
यात्रा के दौरान फाउंडेशन के सदस्यों ने प्रत्येक परिवार को सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया और मिठाई के रूप में चॉकलेट बांटकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पूरे माहौल में देशभक्ति गीतों और नारों की गूंज सुनाई देती रही।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाजसेवी संतोष कुमार वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे राष्ट्र का गौरव और अभिमान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराकर और आस-पास के लोगों को भी प्रेरित कर इस महोत्सव को उत्साहपूर्वक मनाएं। श्री वर्मा ने यह भी कहा कि भारत सरकार की “विकसित भारत” और “आत्मनिर्भर भारत” जैसी योजनाओं को गांव-गांव, मोहल्लों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रचारित करना चाहिए, ताकि देश विकास के पथ पर और मजबूती से आगे बढ़े।
उन्होंने कार्यक्रम के समापन पर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे लगाकर सभी में जोश भर दिया। इस अवसर पर आदिकार्ना फाउंडेशन के उपाध्यक्ष काजल दास, कवि सिंह, सचिव उत्तम मंडल, लखी हेंब्रम सहित कई आदिवासी महिला सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें सिर्फ तिरंगा वितरण ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और सामूहिक भागीदारी का संदेश भी स्पष्ट रूप से सामने आया। स्थानीय निवासियों का कहना था कि ऐसे आयोजन न केवल देशप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में भाईचारे और एकता को भी बढ़ावा देते हैं।
सीतारामपुर में आयोजित यह ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ क्षेत्र में देशभक्ति का ऐसा माहौल बना गई, जो स्वतंत्रता दिवस तक ही सीमित न रहकर लोगों के हृदय में लंबे समय तक गूंजता रहेगा।














Users Today : 2
Users Yesterday : 16