आसनसोल : सोमवार को आसनसोल नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अपना वार्षिक बजट पेश किया, जिसमें आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया है। परिषद से अनुमोदन हेतु प्रस्तुत यह बजट शहर की राजनीतिक और सामाजिक हलचलों के बीच चर्चा का केंद्र बन गया है। निगम प्रशासन का दावा है कि यह बजट विकास और जनकल्याण के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रयास है।

बजट प्रस्ताव में लोक निर्माण विभाग के लिए उल्लेखनीय प्रावधान किए गए हैं। सड़क निर्माण एवं मरम्मत के लिए लगभग 87 करोड़ 87 लाख रुपये आवंटित करने का प्रस्ताव है। इसके अतिरिक्त जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 32 करोड़ 39 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। नगर क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु 28 करोड़ 45 लाख रुपये स्ट्रीट लाइट और विशेष स्थलों की रोशनी पर खर्च किए जाएंगे। जलापूर्ति परियोजनाओं के लिए भी 30 करोड़ 40 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रशासन का कहना है कि इन योजनाओं से जर्जर सड़कों, जलजमाव और पेयजल संकट जैसी समस्याओं में सुधार आएगा।
राज्य सरकार की पहल ‘हमारा पाड़ा, हमारा समाधान’ के तहत वार्ड स्तर पर त्वरित विकास कार्यों के लिए 102 करोड़ 91 लाख रुपये खर्च करने का प्रस्ताव रखा गया है। निगम अधिकारियों का कहना है कि इस योजना के माध्यम से स्थानीय समस्याओं का समाधान सीधे संबंधित वार्ड में ही किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को अनावश्यक दौड़-धूप से राहत मिलेगी।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए “ग्रीन बिल्डिंग” को बढ़ावा देने का प्रस्ताव भी बजट में शामिल है। ऊर्जा दक्ष डिजाइन, वर्षा जल संचयन, सौर ऊर्जा संयंत्र और पर्यावरण अनुकूल निर्माण सामग्री अपनाने वाले भवनों को कम से कम 10 प्रतिशत कर छूट देने की योजना है। निगम का मानना है कि इससे प्रदूषण नियंत्रण और ऊर्जा बचत की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।
शहर में जर्जर एवं खतरनाक इमारतों की पहचान कर उन्हें हटाने की प्रक्रिया तेज करने का भी संकेत दिया गया है। ऐसी जगहों पर सुरक्षित और आधुनिक निर्माण को प्रोत्साहन देने के लिए साइट प्लान शुल्क में 20 प्रतिशत तक छूट का प्रस्ताव रखा गया है। इससे शहरी परिदृश्य को अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की उम्मीद है।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत हजारों लाभार्थियों को सहायता प्रदान करने का उल्लेख बजट में किया गया है। राष्ट्रीय सामाजिक सहायता योजना के अंतर्गत 22 हजार से अधिक नागरिक पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। “जय बांग्ला” योजना के माध्यम से वृद्ध, विधवा और दिव्यांग नागरिकों को नियमित सहायता दी जा रही है। इसके अलावा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे कैंसर और किडनी रोगियों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया है। शिक्षा क्षेत्र में “शिक्षा मित्र डे मील” योजना से लगभग 99 हजार छात्र-छात्राओं को लाभ मिलने की जानकारी दी गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए नगर क्षेत्र में 33 नए स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव है। वर्तमान में 26 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 7 शहरी स्वास्थ्य एवं वेलनेस सेंटर संचालित हैं। डेंगू नियंत्रण, टीकाकरण अभियान तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई है। भविष्य में डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड और मोबाइल मेडिकल यूनिट प्रारंभ करने की योजना पर भी विचार चल रहा है।
निगम प्रशासन ने नागरिक सेवाओं को सरल बनाने के लिए फास्ट ट्रैक अनुमोदन प्रणाली लागू करने की घोषणा की है। भवन योजना, म्यूटेशन, ट्रेड लाइसेंस और अन्य स्वीकृतियों को कम समय में निपटाने के लिए ऑनलाइन प्रणाली को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही, रात्रि में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए नाइट बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
स्वच्छता और पशु कल्याण के क्षेत्र में सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत पशु आश्रय एवं उपचार केंद्र तथा पशु दाहगृह स्थापित करने की योजना है। निगम के अनुसार, सफाई विभाग में लगभग 2800 कर्मचारी कार्यरत हैं और घर-घर कचरा संग्रहण तथा कचरा पृथक्करण अभियान को और सशक्त बनाया जाएगा।
राजस्व वृद्धि के लिए ट्रेड लाइसेंस, भवन स्वीकृति, पार्किंग शुल्क और विज्ञापन से आय बढ़ाने की रणनीति अपनाई जाएगी। डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन निगरानी प्रणाली से पारदर्शिता सुनिश्चित करने का दावा किया गया है।
सोमवार को प्रस्तुत इस बजट को शहर के दीर्घकालिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब परिषद की मंजूरी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर सबकी नजर टिकी है। यदि प्रस्तावित योजनाएं धरातल पर उतरती हैं, तो आसनसोल को विकसित शहरी मॉडल के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह बजट निर्णायक साबित हो सकता है।















Users Today : 11
Users Yesterday : 54