करीम डंगाल मस्जिद के पास हिंसा, बमबाजी-पथराव से दहला इलाका, पुलिस ने संभाली स्थिति

Facebook
Twitter
WhatsApp

कुल्टी :  थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 68 अंतर्गत करीम डंगाल इलाके में अचानक हुई हिंसक घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। मस्जिद के समीप बमबाजी, कथित गोलीबारी और पत्थरबाजी की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग भयभीत हो गए। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा।

IMG 20240918 WA0025

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मस्जिद के बाहर कुछ युवकों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर हंगामे में बदल गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने वहां रखे सामान के साथ तोड़फोड़ की और शोर-शराबा शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों द्वारा इसका विरोध किए जाने पर विवाद और उग्र हो गया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और क्षेत्र में पत्थरबाजी के साथ-साथ बम जैसे विस्फोटों की आवाजें सुनाई देने लगीं।

घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग अपने घरों में दुबक गए, जबकि कुछ लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कुल्टी थाना पुलिस और बराकर थाना क्षेत्र से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और इलाके में शांति व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया। संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। साथ ही लगातार गश्त भी की जा रही है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

IMG 20250511 WA0050

घटना के बाद राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाना शुरू कर दिया है। तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है, जिससे राजनीतिक वातावरण और अधिक संवेदनशील हो गया है।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो चुकी हैं। चुनावी माहौल को देखते हुए कई संवेदनशील क्षेत्रों में पहले से ही केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। पुलिस और केंद्रीय बल संयुक्त रूप से विभिन्न इलाकों में रूट मार्च कर रहे हैं, ताकि शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

फिलहाल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Leave a Comment

Leave a Comment

What does "money" mean to you?
  • Add your answer

Share Market

Also Read This

Gold & Silver Price

Our Visitor

0 3 5 2 6 5
Users Today : 11
Users Yesterday : 54