चित्तरंजन में पूर्व हॉकी खिलाड़ी पर हमला, लोहे की रॉड से पीटा, हालत गंभीर

Facebook
Twitter
WhatsApp

चित्तरंजन :  रेलवे नगर चित्तरंजन में एक पूर्व हॉकी खिलाड़ी और रेलवे कर्मचारी पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई है। गंभीर रूप से घायल खिलाड़ी का दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता दोनों देखने को मिल रही है।

IMG 20240918 WA0025

मिली जानकारी के अनुसार, चित्तरंजन रेलवे सिटी के उत्तरी क्षेत्र की 66वीं स्ट्रीट स्थित 50/बी क्वार्टर के निवासी पूर्व हॉकी खिलाड़ी एरिक लकड़ा पेट्रोल भरवाकर मिहिजाम से अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चित्तरंजन रेलवे स्टेशन के समीप उनका कुछ युवकों से विवाद हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रेलवे स्टेशन के सामने अक्सर टोटो, ऑटो और अन्य वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी मुद्दे को लेकर एरिक लकड़ा ने कुछ युवकों से बातचीत की थी, जो धीरे-धीरे कहासुनी में बदल गई। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया और वे अपनी कार से घर की ओर रवाना हो गए।

बताया जा रहा है कि विवाद से नाराज कुछ युवकों ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया। जब वे ओवल ग्राउंड के पास अशोक एवेन्यू स्थित ऑफिसर्स क्लब हाउस के नजदीक पहुंचे, तब आरोपियों ने उनकी कार रोक ली। इसके बाद उन्हें कार से बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने लोहे की रॉड से उन पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। बताया जाता है कि हमले के बाद वही युवक उन्हें घायल अवस्था में केजी हॉस्पिटल ले गए और वहां छोड़कर फरार हो गए।

IMG 20250511 WA0050

प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। वहां फिलहाल उनका इलाज जारी है और डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है।

घटना की जानकारी मिलते ही पश्चिम बंगाल पुलिस की चित्तरंजन थाना की टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने अस्पताल और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाकर हमलावरों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमले में शामिल कुछ युवकों की पहचान कर ली गई है। उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इधर, इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। उनका कहना है कि मामूली विवाद के चलते एक पूर्व खिलाड़ी और रेलवे कर्मचारी पर इस तरह का हमला बेहद चिंताजनक है। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Leave a Comment

Leave a Comment

What does "money" mean to you?
  • Add your answer

Share Market

Also Read This

Gold & Silver Price

Our Visitor

0 3 5 2 6 4
Users Today : 10
Users Yesterday : 54