बर्नपुर : पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद जहां विभिन्न क्षेत्रों में राजनीतिक तनाव और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, वहीं बर्नपुर के वार्ड संख्या 75 में मंगलवार को सौहार्द और लोकतांत्रिक मर्यादा की एक अलग तस्वीर देखने को मिली। यहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पार्षद कंचन मुखर्जी के कार्यालय पहुंचकर सम्मानपूर्वक कार्यालय की चाबी, आवश्यक दस्तावेज तथा अन्य महत्वपूर्ण कागजात उन्हें सौंप दिए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण दिखाई दिया।
मंगलवार को वार्ड कार्यालय में पहुंचे भाजपा नेता श्रवण दास और अन्य कार्यकर्ताओं ने पार्षद कंचन मुखर्जी का अभिवादन किया तथा मिठाई खिलाकर उनका स्वागत भी किया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस दृश्य को क्षेत्र की राजनीति में सकारात्मक संदेश देने वाला बताया। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों के सम्मान को लेकर दिखाई गई यह पहल चर्चा का विषय बन गई।
भाजपा नेता श्रवण दास ने बताया कि चुनाव परिणाम घोषित होने के दिन क्षेत्र में कुछ स्थानों पर तनाव और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई थीं। हालांकि, पार्षद कार्यालय के महत्वपूर्ण कागजात और सरकारी दस्तावेजों को सुरक्षित रखा गया था। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का पद लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए। इसी भावना के साथ कार्यालय से संबंधित सभी दस्तावेज सुरक्षित अवस्था में वापस सौंप दिए गए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि उनका किसी व्यक्ति विशेष से व्यक्तिगत विरोध नहीं है। उनका उद्देश्य केवल राजनीतिक कार्यशैली और लोकतांत्रिक व्यवहार का उदाहरण प्रस्तुत करना था। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी नेतृत्व की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया जाएगा और शांति बनाए रखी जाएगी।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व में उनके साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का भी उल्लेख किया। उनका आरोप था कि पूर्व वर्षों में कुछ भाजपा समर्थकों के साथ अनुचित व्यवहार किया गया था। बावजूद इसके उन्होंने संयम और लोकतांत्रिक मर्यादा बनाए रखने की बात कही। भाजपा नेताओं ने यह भी बताया कि आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं राज्य सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पाल ने भी कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्ण व्यवहार करने तथा सभी को साथ लेकर चलने का निर्देश दिया है।
वहीं पार्षद कंचन मुखर्जी ने भाजपा कार्यकर्ताओं की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन सामाजिक सौहार्द और पारस्परिक सम्मान बनाए रखना सबसे अधिक आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वह वार्ड के सभी लोगों को साथ लेकर विकास कार्य करते रहेंगे और किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता के लिए सदैव तैयार रहेंगे।
कंचन मुखर्जी ने कहा कि क्षेत्र में भाईचारे और शांति का वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी क्षेत्र में इसी प्रकार सौहार्द और सहयोग की भावना बनी रहेगी, जिससे विकास कार्यों को गति मिल सके।

















Users Today : 0
Users Yesterday : 37