Breaking News

दुर्गापुर के अभिमन्यु ने बढ़ाया मान, हायर सेकेंडरी मेरिट सूची में पाया नौवां स्थान

Facebook
Twitter
WhatsApp

दुर्गापुर : गुरुवार को घोषित पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक परीक्षा 2026 के परिणामों में दुर्गापुर के छात्र अभिमन्यु सिंह ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे औद्योगिक नगर का गौरव बढ़ा दिया। दुर्गापुर के भिरंगी स्थित टीएन इंस्टीट्यूशन के छात्र अभिमन्यु ने 488 अंक प्राप्त कर राज्य की मेरिट सूची में नौवां स्थान हासिल किया है। परिणाम घोषित होते ही स्कूल परिसर से लेकर उनके आवास तक खुशी और उत्साह का माहौल छा गया। परिवार, शिक्षक, मित्र और स्थानीय लोग लगातार उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं।

IMG 20240918 WA0025

दुर्गापुर के हर्षवर्धन एवेन्यू निवासी अभिमन्यु सिंह बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रहे हैं। उनके पिता दामोदर घाटी निगम में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता मिताली सिंह गृहिणी हैं। परिवार ने हमेशा अभिमन्यु की पढ़ाई और सपनों को प्राथमिकता दी। अभिमन्यु की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे दुर्गापुर को गौरवान्वित किया है।

परिणाम घोषित होने के बाद घर में जश्न का माहौल देखने को मिला। रिश्तेदारों और परिचितों का तांता लगा रहा। मिठाइयां बांटी गईं और परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी साझा की। अभिमन्यु के स्कूल के शिक्षक भी अपने छात्र की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।

अभिमन्यु ने बातचीत में बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि उनका परिणाम अच्छा आएगा, लेकिन राज्य की मेरिट सूची में स्थान मिलेगा, इसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने कहा, “मैंने पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई की थी। अच्छे अंकों की उम्मीद जरूर थी, लेकिन टॉप-10 में जगह मिलना मेरे लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है। यह मेरे माता-पिता, शिक्षकों और गुरुजनों के आशीर्वाद का परिणाम है।”

उन्होंने बताया कि उनका सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। इसी उद्देश्य से उन्होंने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी भी शुरू कर दी है। अभिमन्यु ने कहा, “समाज में आज भी अच्छे डॉक्टरों की बहुत जरूरत है। मैं एक सफल डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना चाहता हूं। मैंने नीट परीक्षा दी थी, लेकिन परीक्षा रद्द हो गई। अब दोबारा होने वाली परीक्षा की तैयारी कर रहा हूं।”

अभिमन्यु की शैक्षणिक यात्रा भी काफी प्रेरणादायक रही है। उन्होंने कक्षा पांचवीं से दसवीं तक की पढ़ाई पुरुलिया स्थित रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ से पूरी की। इसके बाद उच्च माध्यमिक शिक्षा के लिए उन्होंने दुर्गापुर के टीएन इंस्टीट्यूशन में प्रवेश लिया। शिक्षकों का कहना है कि अभिमन्यु शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और शांत स्वभाव के छात्र रहे हैं।

IMG 20250511 WA0050

उनकी माता मिताली सिंह बेटे की सफलता से बेहद भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा, “यह सब भगवान रामकृष्ण और मां सारदा के आशीर्वाद से संभव हुआ है। माध्यमिक परीक्षा के समय भी हमें उम्मीद थी कि अभिमन्यु राज्य की मेरिट सूची में आएगा, लेकिन तब ऐसा नहीं हो सका। इस बार उसका वह सपना पूरा हो गया। हमें अपने बेटे पर बहुत गर्व है।”

उन्होंने आगे कहा कि परिवार हमेशा अभिमन्यु के साथ खड़ा रहेगा और उसके डॉक्टर बनने के सपने को पूरा करने में हरसंभव सहयोग करेगा। वहीं पिता ने भी कहा कि बेटे की सफलता उनकी वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।

स्कूल प्रबंधन ने भी अभिमन्यु की उपलब्धि को संस्थान के लिए गौरवपूर्ण बताया। शिक्षकों ने कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। स्कूल में भी विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच खुशी का माहौल देखा गया।

दुर्गापुर के लोगों का मानना है कि अभिमन्यु जैसे प्रतिभाशाली छात्र ही आने वाले समय में राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि लगन, मेहनत और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Leave a Comment

Leave a Comment

[democracy id="1"]

Share Market

Also Read This

Gold & Silver Price

Our Visitor

0 4 1 5 3 6
Users Today : 0
Users Yesterday : 37