Breaking News

भक्ति और उल्लास से सजा कुल्टी, श्री बिहारी जी महोत्सव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Facebook
Twitter
WhatsApp

कुल्टी :  श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के वातावरण के बीच शुक्रवार को कुल्टी में श्री बिहारी जी एवं श्री पुरुषोत्तम दास महाराज जी का छठा वार्षिक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। श्री बिहारी जी भक्त मंडल, कुल्टी के तत्वावधान में अग्रसेन भवन धर्मशाला में आयोजित इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों सहित नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के कारण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

IMG 20250511 WA0050

महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल ज्योति पाठ के साथ हुआ। कोलकाता से आए सुभाष जी तथा आसनसोल के मनोहर जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का विधिवत आरंभ किया। इसके बाद श्रद्धालुओं द्वारा बाबा के दरबार में पूजा, आरती और भजन संकीर्तन का क्रम प्रारंभ हुआ, जो देर रात तक चलता रहा।

कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बाबा का दिव्य दरबार, पुष्प सज्जा और छप्पन भोग श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। आयोजन समिति की ओर से सवामनी प्रसाद का भी विशेष प्रबंध किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।

IMG 20260522 WA0017

शाम के समय आयोजित भजन संध्या ने कार्यक्रम को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया। धनबाद के परितोष, गया के सत्यम पोद्दार, आसनसोल के मनोहर जी, कुल्टी के रोहित खाटूवाला, सुभाष अग्रवाल तथा मनोज खोवाला सहित कई भजन गायकों ने अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। “राधे-श्याम” और “जय श्री बिहारी जी” के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।

आयोजकों ने बताया कि श्री पुरुषोत्तम दास महाराज जी “पंचपेड़ वाले बाबा” के नाम से प्रसिद्ध हैं। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि बाबा के दरबार में सच्चे मन से प्रार्थना करने वालों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उनका मूल धाम राजस्थान के झुंझुनूं जिले के इण्डाली भडुन्डा नववृंदावन मार्ग पर स्थित है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

IMG 20240918 WA0025

इस अवसर पर कुल्टी के विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। श्री बिहारी जी भक्त मंडल की ओर से उन्हें उत्तरीय, पुष्पमाला और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कुल्टी मदद फाउंडेशन के संस्थापक रवि शंकर चौबे, मारवाड़ी युवा मंच के राजेंद्र पोद्दार, अनूप सर्राफ तथा विश्व हिंदू परिषद के श्रीराम सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में भक्त मंडल के वरिष्ठ सदस्यों सुरेश सुद्रानिया, गिरधारी लाल सुद्रानिया, जयदयाल सुद्रानिया और अनिल सुद्रानिया का विशेष योगदान रहा। वहीं युवा सदस्यों मनीष सुद्रानिया, टोनी सुद्रानिया, राहुल सुद्रानिया, सतीश सुद्रानिया, आशीष सुद्रानिया तथा मुकेश सुद्रानिया ने भी व्यवस्थाओं को संभालने में सक्रिय भूमिका निभाई।

देर रात बाबा की महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने परिवार सहित बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

Leave a Comment

Leave a Comment

[democracy id="1"]

Share Market

Also Read This

Gold & Silver Price

Our Visitor

0 4 1 5 3 6
Users Today : 37
Users Yesterday : 40