कुल्टी : मानसून के आगमन से पहले क्षेत्र की सड़कों को बेहतर बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में सोमवार को कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर लोक निर्माण विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य सरकार के लोक निर्माण मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने विभागीय अधिकारियों के साथ क्षेत्र की सड़क व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
यह बैठक ईसीएल के शीतलपुर गेस्ट हाउस में आयोजित की गई, जिसमें आसनसोल लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी प्रमुख लोक निर्माण विभाग की सड़कों का निरीक्षण कर जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा किया जाए।
मंत्री ने कहा कि बरसात के मौसम में सड़कों की स्थिति खराब होने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए बारिश शुरू होने से पहले सभी गड्ढों को भरना और क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़ी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में आने वाली विभिन्न समस्याओं की जानकारी मंत्री को दी। अधिकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर तकनीकी और प्रशासनिक चुनौतियों के कारण काम की गति प्रभावित होती है। मंत्री ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि सभी अधिकारी बिना किसी दबाव या भय के निष्पक्ष तरीके से कार्य करें।
डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें समय पर जमीन पर उतारना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
बैठक से पहले शीतलपुर गेस्ट हाउस पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के जिला महामंत्री केशव पोद्दार, जिला उपाध्यक्ष अभिजीत आचार्य, जिला सचिव सत्यजीत दास, विधानसभा संयोजक सोमनाथ माझी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नेताओं ने क्षेत्र की सड़क समस्याओं और विकास से जुड़े विषयों को भी मंत्री के सामने रखा। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि कुल्टी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान खराब सड़कों के कारण आवागमन में परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे में यदि समय रहते मरम्मत कार्य पूरा हो जाता है तो हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग की इस बैठक को क्षेत्रीय विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि अधिकारियों को दिए गए निर्देश कितनी जल्दी धरातल पर दिखाई देते हैं।

















Users Today : 22
Users Yesterday : 40