कुल्टी में घर-दुकान की टीन काटकर चोरी, नकदी-आभूषण सहित लाखों का सामान पार, जांच शुरू

Facebook
Twitter
WhatsApp

कुल्टी :  कुल्टी थाना क्षेत्र के चौरंगी फाड़ी अंतर्गत कल्याणेश्वरी–देंदुआ मार्ग स्थित कदभिटा मोड़ के समीप पीएचई परिसर के निकट अज्ञात चोरों ने एक घर और उससे सटी बर्तनों की दुकान में सेंध लगाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था और रात्रि गश्त की प्रभावशीलता पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

IMG 20250511 WA0050

जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी एवं व्यवसायी अनिरुद्ध साव उर्फ पिंटू साव अपने परिवार के साथ मंगलवार को तारापीठ दर्शन के लिए गए थे। गुरुवार सुबह जब वे वापस अपने आवास पहुंचे तो घर की स्थिति देखकर स्तब्ध रह गए। मकान की टीन की छत काटकर अज्ञात बदमाश भीतर प्रवेश कर चुके थे। घर के कमरों में रखी अलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे तथा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था।

पीड़ित के अनुसार, चोर घर से लगभग आठ हजार रुपये नकद तथा चांदी के कई आभूषण लेकर फरार हो गए। इसके बाद बदमाशों ने घर से सटी उनकी बर्तनों की दुकान को भी निशाना बनाया। दुकान की छत काटकर भीतर प्रवेश करने के बाद कांसा, पीतल तथा अन्य धातुओं के मूल्यवान बर्तन चोरी कर लिए गए। व्यवसायी का अनुमान है कि दुकान से लगभग 70 से 80 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी हुआ है। इस प्रकार कुल नुकसान एक लाख रुपये से अधिक का बताया जा रहा है।

घटना ऐसे स्थान पर हुई है, जहां से मुख्य सड़क गुजरती है और रात के समय भी लोगों का आना-जाना बना रहता है। इसके बावजूद चोरों द्वारा इत्मीनान से घर और दुकान में चोरी किए जाने से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि नियमित रात्रि गश्त होती, तो संभवतः इस प्रकार की घटना को रोका जा सकता था।

IMG 20240918 WA0025

घटना की जानकारी मिलते ही चौरंगी फाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर और दुकान से आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके।

पीड़ित अनिरुद्ध साव ने चौरंगी फाड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी तथा आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।

Leave a Comment

Leave a Comment

[democracy id="1"]

Share Market

Also Read This

Gold & Silver Price

Our Visitor

0 4 1 5 0 6
Users Today : 7
Users Yesterday : 40