आसनसोल : शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और बढ़ती भीड़भाड़ की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से विकास प्राधिकरण और व्यापारिक संगठनों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आसनसोल को आधुनिक, व्यवस्थित और सुविधाजनक शहर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
एडीए (ADDA) भवन के सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता एडीए की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सह आसनसोल नगर निगम की प्रशासक अदिति चौधरी ने की। बैठक में शहर के प्रमुख व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और यातायात, पार्किंग, फुटपाथ व्यवस्था, स्वच्छता तथा शहरी विकास से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में फेडरेशन ऑफ साउथ बंगाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FOSBECI) के अध्यक्ष सचिन राय, साउथ बंगाल चैंबर के अध्यक्ष वीके ढल, महासचिव जगदीश बागड़ी, आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा, आसनसोल मर्चेंट्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष हिरेन व्यास, अमित छाबड़ा सहित कई व्यवसायी मौजूद रहे।
जीटी रोड पर वैकल्पिक फ्लाईओवर का प्रस्ताव
बैठक में व्यापारियों ने शहर के सबसे बड़े मुद्दे यातायात जाम को लेकर कई सुझाव दिए। एफओएसबीईसीआई अध्यक्ष सचिन राय ने कहा कि जीटी रोड पर वाहनों के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए वैकल्पिक फ्लाईओवर निर्माण की आवश्यकता है।
उन्होंने एसबी गोराई रोड पर यातायात का दबाव कम करने के लिए जिला अस्पताल के पीछे रेलवे लाइन के समीप चार लेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस योजना पर चर्चा हुई थी, लेकिन इसे धरातल पर नहीं उतारा जा सका।
पार्किंग समस्या के समाधान पर जोर
बैठक में शहर में पार्किंग की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने मल्टीलेवल स्पाइरल पार्किंग प्लाजा बनाने का सुझाव दिया, ताकि बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित किया जा सके।
आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा ने शहर के समग्र विकास को लेकर आठ महत्वपूर्ण सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। उन्होंने कहा कि आसनसोल शहर व्यापारियों और आम नागरिकों का साझा घर है। इसलिए विकास योजनाओं में सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखना जरूरी है।
उन्होंने फुटपाथ दुकानदारों के लिए स्थायी पुनर्वास व्यवस्था, बस स्टैंड से सताब्दी पार्क तक व्यवस्थित बाजार क्षेत्र विकसित करने का सुझाव दिया। साथ ही सर सैयद अहमद पार्क को ऑटो-टोटो स्टैंड के रूप में विकसित करने की मांग रखी, जिससे हटन रोड क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
व्यापारियों ने जुबली मोड़ और काली पहाड़ी बस स्टैंड को शीघ्र शुरू करने, फल मंडी को बाईपास क्षेत्र में स्थानांतरित करने, छोटे पार्कों का निजी कंपनियों के सीएसआर फंड से सौंदर्यीकरण करने और लंबित भवन कर भुगतान के लिए टैक्स अमनस्टी योजना लागू करने का सुझाव दिया।
इसके अलावा शहर में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने और पानी की बर्बादी रोकने पर भी विशेष जोर दिया गया।
हर महीने होगी विकास संबंधी बैठक
बैठक के दौरान एडीए की सीईओ अदिति चौधरी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि शहर के विकास के लिए दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय के लिए अब प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आसनसोल को आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए सभी वर्गों के सहयोग की आवश्यकता है। व्यापारियों द्वारा दिए गए सुझाव शहर के भविष्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

















Users Today : 5
Users Yesterday : 40