आसनसोल : दुर्गापूजा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र की विभिन्न दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ पुलिस की ओर से समन्वय बैठक आयोजित की गई। धधका क्षेत्र स्थित एक विवाह भवन में हुई बैठक में पूजा आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस ने समितियों से सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूजा आयोजित करने की अपील की।
बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त अब्दुल गफ्फार, आसनसोल उत्तर के विधायक प्रतिनिधि दीपक गुप्ता, उत्तर थाना प्रभारी मेघनाथ मंडल, जहांगीर मोहल्ला चौकी प्रभारी सुदीप्तो दास, कन्यापुर चौकी प्रभारी सुनील सिंह, महिला थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्र की विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लेकर आयोजन से जुड़ी अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं अधिकारियों के सामने रखीं।
बैठक के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त अब्दुल गफ्फार ने राज्य सरकार की ओर से दुर्गापूजा को लेकर जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी पूजा समितियों को दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समिति को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। पूजा के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और प्रशासन के निर्देशों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई।
सरकार की ओर से पूजा समितियों को मिलने वाली एक लाख रुपए की सहायता राशि को लेकर भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जो समितियां सहायता राशि प्राप्त करना चाहती हैं, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा। आवेदन थाना में जमा किया जा सकता है। वहीं, जो पूजा समितियां सरकारी सहायता राशि नहीं लेना चाहती हैं, उन्हें भी इसकी लिखित सूचना थाना को देने के लिए कहा गया।
बैठक में पूजा आयोजन के अलावा क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा भी उठा। विभिन्न इलाकों में खराब सड़कों, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं रखीं। विधायक प्रतिनिधि दीपक गुप्ता ने बताया कि कई क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में सड़क प्रकाश की आवश्यकता है, वहां नई रोशनी की व्यवस्था के लिए विधायक की ओर से नगर निगम को पत्र दिया गया है। संबंधित प्रक्रिया भी जल्द आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
दीपक गुप्ता ने पूजा समितियों और आम लोगों से शांतिपूर्ण वातावरण में दुर्गोत्सव मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और संदिग्ध सूचना मिलने पर प्रशासन को जानकारी दें। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की सहायता या समस्या के लिए 9593222255 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। समितियों, प्रशासन और आम नागरिकों के सहयोग से दुर्गापूजा को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर जोर दिया गया।

















Users Today : 0
Users Yesterday : 22