
दुर्गापुर : दुर्गापुर के आईक्यू सिटी क्षेत्र में बुधवार शाम निर्माणाधीन 14-मंजिला बहुमंजिला इमारत से गिरकर दो श्रमिकों की मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, मृतकों में करमबीर कुमार महतो (35) निवासी भिरिंगी, दुर्गापुर, और राजा कुमार (22) निवासी बिहार शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, निर्माण कार्य के दौरान दोनों मजदूर इमारत के 14वें तल पर अस्थायी बांस-फट्टे के सहारे काम कर रहे थे। अचानक बांस-फट्टा टूट जाने से दोनों श्रमिक संतुलन खो बैठे और सीधे नीचे गिर गए। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी (पूर्व) अभिषेक गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में लापरवाही की बात सामने आई है। पुलिस ने प्रोजेक्ट मैनेजर आनंद विश्वास और ठेकेदार संजीत कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। डीसी ने कहा, “हादसे की गहराई से जांच की जाएगी, और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई होगी।”

मृतकों के परिजन और सहकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। करमबीर के सहकर्मी ओमप्रकाश महतो ने बताया कि दोनों मजदूर बांस-फट्टे पर काम कर रहे थे, तभी अचानक वह टूट गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी और मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
इस हादसे ने निर्माण स्थलों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।















Users Today : 2
Users Yesterday : 22