

बर्नपुर : इस्को स्टील प्लांट में गुरुवार की दोपहर एक दुखद दुर्घटना में ठेका कर्मी रंजित कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब वह प्लांट के 6 नंबर स्टैंड पर स्थित हाइड्रोलिक मशीन के पास इलेक्ट्रिक कार्य करते समय प्रोक्सीमेट्री लगा रहा था। तभी हाइड्रोलिक मशीन अनजाने में चालू हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर अवस्था में रंजित को तत्काल बर्नपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में यूनियन प्रतिनिधि और कर्मी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में मौजूद कई अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली। हालात की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने रंजित की स्थिति के बिगड़ने पर उसे शीघ्र दुर्गापुर के निजी अस्पताल रेफर करने की मांग की। इस दौरान अस्पताल में काफी हंगामा हुआ, जिससे प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आईएसपी के बार मिल में शटडाउन के दौरान यह घटना हुई। लगभग डेढ़ घंटे की कागजी कार्रवाई के बाद रंजित को निजी एंबुलेंस के माध्यम से दुर्गापुर के एक अस्पताल भेजा गया। बर्नपुर अस्पताल में मौजूद इंटक नेता अजय राय और मोहम्मद अनवर ने बताया कि ठेका कर्मी की हालत नाजुक है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जानी चाहिए। दूसरी ओर, सीटू नेता अशोक केवड़ा ने प्रबंधन की लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि यह हादसा उनकी लापरवाही का परिणाम है।
घटना की जानकारी मिलने पर रंजित के भाई ने अस्पताल पहुंचकर अपने भाई की गंभीर हालत को देखकर गहरा दुःख प्रकट किया। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि प्रबंधन इस हादसे के कारणों का क्या समाधान निकालेगा
















Users Today : 2
Users Yesterday : 22