

आसनसोल : स्थित पटेल भवन में नवरात्रि के पावन अवसर पर पटेल समाज द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में पारंपरिक गरबा और डांडिया नृत्य की अद्भुत प्रस्तुतियों ने समस्त वातावरण को गुजरात की संस्कृति से सराबोर कर दिया। पटेल समाज के इस आयोजन में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया, जिससे समर्पण और उल्लास का अद्वितीय संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में सम्माननीय अतिथियों के रूप में राज्य के कानून मंत्री मलय घटक, आसनसोल के उपमेयर अभिजीत घटक, एमएमआईसी गुरुदास चटर्जी, तथा बोरो चेयरमैन राजेश तिवारी उपस्थित रहे। इन अतिथियों का पटेल समाज के विशिष्ट समाजसेवी तुलसी भाई पटेल, अध्यक्ष मणिलाल पटेल और युवा मंच के अध्यक्ष एवं प्रतिष्ठित व्यवसाई आशीष पटेल ने आत्मीय स्वागत किया।
युवा मंच के अध्यक्ष आशीष पटेल ने बताया कि यह आयोजन पटेल समाज द्वारा प्रतिवर्ष नवरात्रि के उपलक्ष्य में संपन्न किया जाता है और इसका समापन शरद पूर्णिमा के दिन होता है। नवरात्रि के नौ दिनों तक पटेल भवन में पारंपरिक गरबा और डांडिया नृत्य के माध्यम से श्रद्धालुओं द्वारा माँ दुर्गा की आराधना की जाती है, जिससे भक्ति और आनंद का वातावरण व्याप्त हो जाता है।


आयोजन के दौरान पटेल भवन में उपस्थित लोगों का उत्साह देखते ही बनता था, मानो गुजरात की सांस्कृतिक धरोहर ने पटेल भवन में पदार्पण कर लिया हो। इस आयोजन के माध्यम से समाज ने एकजुटता, समर्पण और परंपरा के प्रति अपने प्रेम का अद्भुत प्रदर्शन किया, जो नवरात्रि के इस सांस्कृतिक अनुष्ठान को विशेष बना रहा।















Users Today : 3
Users Yesterday : 22