
दुर्गापुर : पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर स्थित रघुनाथपुर क्षेत्र में रविवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो स्थानीय गुटों में तीव्र संघर्ष भड़क उठा, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। यह घटना उस समय हुई जब रघुनाथपुर मयरा पाड़ा के सर्वजन दुर्गा पूजा समिति के सदस्य दुर्गा प्रतिमा का शांतिपूर्वक विसर्जन कर रहे थे। आरोप है कि रघुनाथपुर बाउरी पाड़ा के कुछ युवक, जिनका नेतृत्व सिविक वॉलंटियर प्रशांत बाउरी कर रहे थे, ने समिति के सदस्यों पर अचानक हमला कर दिया।

सूत्रों के अनुसार, संघर्ष का कारण यह था कि समिति के सदस्य सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बिना डीजे के विसर्जन कर रहे थे, जबकि अन्य पक्ष ने डीजे बजाने की मांग उठाई थी। मयरा पाड़ा के समिति उपाध्यक्ष स्वपन दा ने आरोप लगाया कि प्रशांत बाउरी के नेतृत्व में कुछ नशे में धुत युवकों ने लाठी लेकर उन पर हमला कर दिया। इस हमले के दौरान महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट भी की गई। घटना के विरोध में स्थानीय निवासियों ने सड़क अवरुद्ध कर विरोध प्रदर्शन किया।

इस तनावपूर्ण स्थिति को काबू में लाने के लिए दुर्गापुर थाना पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) को मौके पर बुलाया गया। पुलिस को स्थिति सामान्य करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दूसरी ओर, प्रशांत बाउरी की बहन, बृष्टि बाउरी ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि रघुनाथपुर समिति के सदस्यों ने अचानक उन पर और उनके भाई पर हमला कर दिया था, जिसका विरोध करते हुए उनके भाई ने प्रतिक्रिया व्यक्त की। उनका कहना है कि महिलाओं पर भी हाथ उठाया गया था, इसलिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
दुर्गापुर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना की गहन जांच जारी है और वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में पुलिस पिकेट तैनात कर दी गई है, और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
















Users Today : 3
Users Yesterday : 22