
दुर्गापुर : बीते दिनों हुई भारी वर्षा ने दुर्गापुर के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न कर दी है। विशेष रूप से दुर्गापुर नगर निगम के वार्ड संख्या 13 और 34 में हालात गंभीर बने हुए हैं, जहां घरों में पानी भर गया है और सड़कों पर नदी जैसा बहाव दिखाई दे रहा है। भारी बारिश से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। चारों ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है, और सड़कों पर मानो जलधाराएं बह रही हैं।नगर निगम के वार्ड संख्या 13, 34, 19, 20 और 21 में हजारों लोग जलभराव से प्रभावित हुए हैं। इसी तरह, वार्ड संख्या 24 और 25 के एमएएमसी और फुलझड़ क्षेत्र भी बुरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। बेनाचिति क्षेत्र से सटे 54 फुट रोड, विद्यासागर पल्ली, और 20 नंबर वार्ड के श्रीनगर पल्ली में भी पानी का भराव होने से बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। स्टील पार्क और विद्यासागर पल्ली जैसे इलाके भी जलमग्न हो गए हैं।दुर्गापुर के 34 नंबर वार्ड की स्थिति सबसे अधिक दयनीय हो चुकी है, जहां तेज वर्षा ने निकासी व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। सड़कों पर गहरे जलभराव के कारण आम लोगों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि स्कूलों के पास भी पानी भरा हुआ है,


जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।नेशनल हाईवे 19 का सर्विस रोड भी पूरी तरह जलमग्न हो गया है, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में दुर्गापुर समेत अन्य कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। वहीं उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मिदनापुर और पश्चिम मिदनापुर में गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी के तहत येलो अलर्ट जारी किया गया है।हालांकि, उत्तर बंगाल में फिलहाल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है और किसी प्रकार की चेतावनी नहीं जारी की गई है।















Users Today : 4
Users Yesterday : 22