
कुल्टी : कुल्टी के शीतलपुर क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप धारण कर लिया, जिसके परिणामस्वरूप फायरिंग की घटना होने का आरोप लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पिंटू शर्मा नामक व्यक्ति एवं उनके पिता पर पड़ोसी राजकुमारी देवी एवं उनके पति कालीचरण राम पर गोली चलाने का आरोप लगा है। इस घटना ने स्थानीय निवासियों में भय और आक्रोश का वातावरण उत्पन्न कर दिया है।

घटना के संदर्भ में जानकारी मिली है कि राजकुमारी देवी अपने घर के सामने धुले कपड़े सूखने के लिए फैला रही थीं। इसी दौरान वहां पिंटू शर्मा की मोटरसाइकिल खड़ी थी। पिंटू शर्मा ने आपत्ति जताई कि कपड़ों से टपकता पानी उनकी मोटरसाइकिल पर गिर रहा है, जिसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। राजकुमारी देवी के यह कहने पर कि पानी नहीं गिर रहा है, बात और बढ़ गई और विवाद ने उग्र रूप ले लिया।
आरोप है कि पिंटू शर्मा ने इस दौरान राजकुमारी देवी के साथ अपशब्दों का प्रयोग किया, जिससे विवाद और बढ़ गया। इस झगड़े में जब राजकुमारी देवी के पति कालीचरण राम बीच-बचाव करने आए, तो उनके साथ भी कहासुनी होने लगी। आरोप के अनुसार, पिंटू शर्मा और उनके पिता ने दोनों पर डंडों से हमला कर दिया।

इस विवाद के दौरान, आरोप यह भी है कि पिंटू शर्मा के पिता ने दो राउंड फायर कर राजकुमारी देवी और कालीचरण राम पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। घटना के बाद राजकुमारी देवी ने बयान दिया कि वे और उनके पति संयोगवश सुरक्षित रहे, अन्यथा पिंटू शर्मा और उनके पिता ने उन्हें गंभीर रूप से घायल करने का इरादा कर लिया था।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।















Users Today : 2
Users Yesterday : 34