
जामुड़िया : आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर सात में स्थित प्राचीन मोहिषा बुढ़ि बामदेव मंदिर में दानपेटी से नकदी चोरी की घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। जैसे ही स्थानीय लोग पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, उन्होंने दानपेटी का ताला टूटा हुआ पाया। इस खबर के फैलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जामुड़िया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने पुलिस के सामने अपनी नाराजगी व्यक्त की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। चोरी की इस घटना को लेकर क्षेत्रवासियों में गहरा असंतोष और आक्रोश है।

मंदिर कमेटी के सदस्य बद्रीनाथ नाग ने बताया कि उन्हें दोपहर में फोन के माध्यम से चोरी की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि चोरों ने केवल दानपेटी से नकदी पर हाथ साफ किया है, जबकि मंदिर में स्थित मूर्तियों के आभूषणों को नहीं छुआ गया।

दानपेटी को लगभग ढाई वर्षों से नहीं खोला गया था, इसलिए चोरी गए धनराशि का अनुमान लगाना कठिन है। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है और मंदिर समिति ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है ताकि दोषियों को जल्द पकड़ कर दानपेटी की राशि को पुनः प्राप्त किया जा सके।
इस घटना ने श्रद्धालुओं को व्यथित कर दिया है और मंदिर समिति ने पुलिस से अपराधियों को शीघ्र पकड़ने की मांग की है।















Users Today : 4
Users Yesterday : 34