दुर्गापुर : भैया दूज के अवसर पर बहन के घर जा रहे एक व्यक्ति की सोने की चेन चोरी होने की घटना से बेनाचिति बाजार स्थित प्रांतिका बस स्टैंड और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। सोने की चेन की अनुमानित कीमत लगभग 70 से 75 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, रानीगंज निवासी काजल चौधरी अपनी पत्नी समाप्ति चौधरी और दो बच्चों के साथ दुर्गापुर के प्रांतिका बस स्टैंड पहुंचे। वहाँ पहुँचने के बाद वे नारियल पानी पीने के लिए एक दुकान पर गए। नारियल पानी पीने के उपरांत, वे सभी टोटो पर सवार होकर बहन के घर की ओर प्रस्थान करने वाले थे।
इसी दौरान अचानक एक अज्ञात महिला टोटो पर आकर बैठ गई। काजल चौधरी ने उस महिला से टोटो पर चढ़ने का कारण पूछा, परंतु महिला ने कोई उत्तर नहीं दिया और थोड़ी ही देर बाद टोटो से उतरकर कहीं चली गई।
कुछ क्षणों के उपरांत, जब समाप्ति चौधरी ने अपने बैग को देखा, तो उसमें से सोने का लॉकेट युक्त चेन और नगद 100 रुपये गायब पाए। सोने की चेन और नगदी के गायब होने से चौधरी दंपति स्तब्ध रह गए। उन्होंने आसपास उस महिला की खोजबीन की, परंतु महिला का कहीं भी सुराग नहीं मिला।
इस घटना की जानकारी तुरंत दुर्गापुर थाना के ए-जोन फाड़ी में दी गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुँचकर जाँच शुरू की। पुलिस अज्ञात महिला की तलाश में आसपास के दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है, ताकि किसी प्रकार का सुराग मिल सके।
काजल चौधरी ने बताया कि वह महिला कुछ ही समय के लिए टोटो पर बैठी थी, और इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर उसने बैग में रखा सोने का आभूषण चोरी कर लिया। चुराई गई सोने की चेन की अनुमानित कीमत 70 से 75 हजार रुपये है। पुलिस फिलहाल उक्त महिला की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई है, ताकि घटना का शीघ्रता से खुलासा हो सके।















Users Today : 5
Users Yesterday : 34