अंडाल : अंडाल थाना अंतर्गत वनबहाल फाड़ी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शीतलपुर कोलियरी क्षेत्र में संचालित जुए के अड्डे पर छापेमारी कर बीएसएफ जवान सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 47 हजार रुपये नकद, ताश के पत्ते और अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद की है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद दानिश, दीपक साव, मनीष भगत, सोनू कुमार, प्रीतम राम और आकाश यादव के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, प्रीतम राम बीएसएफ का जवान है। सभी आरोपियों को मंगलवार को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, काली पूजा के अवसर पर शीतलपुर कोलियरी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से जुए का अड्डा सक्रिय था। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। पुलिस दल ने रात के समय जुए के अड्डे पर धावा बोला, जहां छह लोग जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़े गए।
शुरुआती जांच में यह जानकारी सामने आई है कि जुए का अड्डा शीतलपुर कोलियरी इलाके के एक स्थानीय व्यक्ति के घर में चल रहा था। पुलिस छापेमारी की सूचना पाकर मकान मालिक मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस को संदेह है कि इस अड्डे में स्थानीय निवासियों के साथ बाहरी लोग भी शामिल होते थे।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस का एक कड़ा संदेश गया है। पुलिस ने बताया कि जुए के इस अड्डे से संबंधित कई और लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।















Users Today : 9
Users Yesterday : 34