रानीगंज : रानीगंज में श्री खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर प्रातःकाल श्री श्याम बाल मंडल द्वारा एक विशाल निशान यात्रा का आयोजन किया गया, जोकि श्री सीताराम जी मंदिर प्रांगण से आरंभ होकर संपूर्ण बाजार की परिक्रमा करते हुए श्री श्याम मंदिर में जाकर समाप्त हुई। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने इस यात्रा में भाग लिया और बाबा के जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।

विशेष आयोजन में 501 निशानों को भव्य रूप में निकाला गया, जिन्हें श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा को अर्पित किया। इस शोभायात्रा में अनेक प्रकार की झांकियों का भी आयोजन किया गया, जो सभी के आकर्षण का केंद्र बनीं। इस कार्यक्रम में प्रमुख समाजसेवी कृष्णा प्रसाद ने भी सहभागिता करते हुए स्वयं निशान उठाए और मंदिर में अर्पित किए। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में सम्मिलित होकर उन्हें असीम आनंद की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण से जुड़े होने के कारण उन्होंने देखा है कि किस प्रकार दिन-रात के अथक प्रयासों से इस भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। आज यह मंदिर अपनी दिव्यता और भव्यता के कारण संपूर्ण भारत में प्रसिद्धि प्राप्त कर चुका है।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विष्णु सराफ, पवन केजरीवाल, विमल सराफ, विनोद बंसल, समाजसेवी राम कुमार सारडा, मुरारी शर्मा, पप्पू माटोलिया, सावर सिंघानिया, राहुल केजरीवाल, दीपक झुनझुनवाला, संदीप शर्मा सहित अन्य समिति सदस्यों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कमेटी के सचिव पवन केजरीवाल ने बताया कि आज बर्बरीक महाराज का जन्मदिवस भी है, साथ ही इसी दिन मंदिर की स्थापना भी हुई थी, जिसके कारण यह दिन और भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने श्रद्धालुओं का आह्वान करते हुए कहा कि श्री श्याम बाबा सभी के हैं और यहाँ सभी भक्त आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
संध्या समय मंदिर सभागार में गिरिडीह से पधारे आकाश-परिचय तथा कोलकाता के राजगुरु भजन प्रस्तुति देंगे, जो श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर देगा। इस आयोजन के संदर्भ में स्थानीय निवासी अरुण भरतीया ने कहा कि श्री श्याम बाबा के जन्मोत्सव पर यह भव्य आयोजन हर भक्त के हृदय को आनंदित करता है और उन्होंने सभी से बाबा का आशीर्वाद लेने का निवेदन किया।
अनिल कयाल ने बताया कि श्री श्याम मंदिर के निर्माण के बाद से रानीगंज के निवासियों को यहाँ श्री विनायक जी महाराज, नी सती दादी, श्री खाटू श्याम, श्री बाबा सालासर एवं श्री महादेव के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। आज यह मंदिर न केवल रानीगंज बल्कि संपूर्ण देश में श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन चुका है, जहाँ भक्त अपनी आस्था और श्रद्धा अर्पित करने हेतु आते हैं।















Users Today : 32
Users Yesterday : 34