

दुर्गापुर : राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा अवैध कोयला और बालू तस्करी को लेकर दिए गए कड़े निर्देश के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री की चेतावनी के बाद कार्रवाई भी शुरू हो चुकी है। ताजा घटनाक्रम में दुर्गापुर नगर निगम के एक पूर्व पार्षद और वर्तमान पार्षद के पति को अवैध कारोबार के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में वार्ड संख्या 42 की पूर्व पार्षद के पति और तृणमूल कांग्रेस ब्लॉक-3 के उपाध्यक्ष रिंटू पांजा पर अवैध लोहा तस्करी और पूर्व पार्षद अरविंद नंदी पर बालू तस्करी का आरोप है। शुक्रवार सुबह दोनों को दुर्गापुर थाना लाया गया। जानकारी के अनुसार, सीआईडी द्वारा इनसे पूछताछ किए जाने की संभावना है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को शुक्रवार को दुर्गापुर सब डिविजनल कोर्ट में पेश किया गया।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर अवैध कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में सख्त संदेश दिया था। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अवैध कोयला और बालू तस्करी में पुलिस विभाग के निचले स्तर के कुछ अधिकारियों की संलिप्तता के कारण सरकार की छवि खराब हो रही है। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि जो अधिकारी अवैध गतिविधियों का समर्थन कर रहे हैं या कार्रवाई में निष्क्रिय हैं, उनके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री की नाराजगी के तुरंत बाद, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के तहत बाराबनी थाने के प्रभारी मनोरंजन मंडल को निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई गुरुवार रात को हुई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार को निर्देश दिया कि पुलिस प्रशासन के साथ-साथ सीआईडी, एसआईटी और भ्रष्टाचार निरोधी विभाग में सुधार सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री के कड़े रुख से पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। अब देखना यह होगा कि इस कार्रवाई का राज्य के अवैध कारोबार पर क्या प्रभाव पड़ता है और यह अभियान कितनी गहराई तक जाता है।















Users Today : 58
Users Yesterday : 34