
रानीगंज : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के तहत रानीगंज थाना पुलिस ने एक चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। चोरी की गई एक सोने की अंगूठी के सुराग से पुलिस ने गहनों और नकदी सहित चोरी की गई सभी सामग्री बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 14 नवंबर की है, जब रानीगंज के गिरिजा पाड़ा स्थित हल्दी फैक्ट्री क्षेत्र में दीपक सिंह के घर में चोरी हुई। उस समय घर के सभी सदस्य बाहर थे। चोरों ने पीछे के दरवाजे से घर में प्रवेश कर अलमारी में रखे नकद और सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर लिया। घटना का पता उसी रात घर लौटने पर चला, जिसके बाद दीपक सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचित किया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाई और स्थानीय ज्वेलरी दुकानों को चोरी के गहनों की पहचान कर सूचना देने का निर्देश दिया। 16 नवंबर को गिरिजा पाड़ा निवासी बदमाश बदशा खान ने एक महिला के साथ एक ज्वेलरी दुकान में पहुंचकर चोरी की अंगूठी पर नया नाम “अब्दुल” लिखवाने को कहा। दुकानदार को अंगूठी पर पहले से खुदे नाम “दीपक” को देखकर संदेह हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। बदशा खान को पहचान लिया गया, जो पहले भी कई चोरियों और मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में शामिल रहा है। 19 नवंबर की रात रानीगंज पुलिस ने बदशा खान और उसके दो सहयोगियों अभिजीत गोंड और अर्जुन पासवान को रेल ग्राउंड क्षेत्र में नशा करते समय धर दबोचा।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूछताछ की और गुरुवार रात विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चोरी किए गए सोने-चांदी के गहने और 35,000 रुपये नकद बरामद किए।
रानीगंज थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विकास दत्त ने इस मामले की जानकारी प्रेस वार्ता में दी। उनके साथ उप-निरीक्षक प्रीतम पाल, सहायक उप-निरीक्षक श्रीकांत पांजा और पीएसआई एमडी परवेज भी उपस्थित रहे। दीपक सिंह और उनके परिवार ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जिस मुस्तैदी से जांच कर चोरी के सामान को बरामद किया, वह प्रशंसनीय है।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।















Users Today : 60
Users Yesterday : 34