
आसनसोल : महिला विरोधी हिंसा के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने हेतु और महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से ‘स्टॉप वॉयलेंस अगेंस्ट विमेन्स डे’ का आयोजन आसनसोल के डिविजनल रेलवे अस्पताल में किया गया। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कर्मचारियों और चिकित्सकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ बढ़ते हिंसा के मामलों पर ध्यान आकर्षित करना और समाज में महिलाओं के अधिकारों की रक्षा की आवश्यकता को समझाना था। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के खिलाफ हिंसा की रोकथाम, उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता और समाज में समानता स्थापित करने के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम में ‘मैन-टू-मैन’ संपर्क को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई, जिसमें पुरुषों को महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता का व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा को समाप्त करने के लिए पुरुषों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि वे समाज के महत्वपूर्ण हिस्से हैं और बदलाव के लिए उनका दृष्टिकोण भी जरूरी है।

इस दौरान अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों ने महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने की शपथ ली और यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया कि हर महिला को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए। इस कार्यक्रम ने समाज में हिंसा की रोकथाम और महिला अधिकारों के सम्मान की दिशा में एक सकारात्मक कदम बढ़ाया।















Users Today : 61
Users Yesterday : 34