रानीगंज : रानीगंज को पुनः सबडिवीजन का दर्जा दिलाने सहित अन्य विकास कार्यों की मांग को लेकर रानीगंज सिटीजंस फोरम ने सियारसोल मोड़ स्थित पंडित पोखर के समीप धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में फोरम के साथ-साथ शिक्षकों, सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं और व्यापारियों सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
रानीगंज सिटीजंस फोरम के कार्यकारी अध्यक्ष गौतम घटक ने कहा कि रानीगंज पहले सबडिवीजन था, परंतु इसके हटाए जाने के बाद यहां के विकास कार्य ठप हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सबडिवीजन की बहाली से क्षेत्र में अदालत, जेल और अन्य प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही रानीगंज को आसनसोल और दुर्गापुर की भांति विकास की राह पर अग्रसर किया जा सकेगा।
श्री घटक ने बताया कि रानीगंज नगर पालिका के आसनसोल नगर निगम में विलय के बाद विकास कार्य और अधिक प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि रानीगंज सिटीजंस फोरम शांतिपूर्ण ढंग से रानीगंज को पुनः सबडिवीजन बनाने की मांग लंबे समय से कर रहा है।
गौतम घटक ने बताया कि इस मुद्दे पर उन्होंने जिला शासक से वार्ता की है। जिला शासक ने यह स्वीकार किया कि यह मामला उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है और इसका निर्णय मुख्यमंत्री स्तर पर लिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने फोरम की मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। श्री घटक ने जिला शासक के रवैये को सकारात्मक बताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री इस मांग को स्वीकार करेंगे।
इस धरना प्रदर्शन में रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के सलाहकार आर.पी. खेतान, अध्यक्ष रोहित खैतान, अरुण भारतीया, आईएमए के डॉ. एस.के. बासु, प्रदीप नंदी, दिनेश चंद्र गुप्ता और मलय रॉय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सभी ने रानीगंज को पुनः सबडिवीजन बनाने की मांग का समर्थन किया।
ज्ञात हो कि रानीगंज के नागरिक वर्षों से सबडिवीजन बहाली की मांग कर रहे हैं। इस प्रदर्शन से यह स्पष्ट होता है कि स्थानीय लोग अपने अधिकारों और क्षेत्र के विकास के लिए संघर्षरत हैं।















Users Today : 0
Users Yesterday : 64