
आसनसोल : रानीगंज थाना पुलिस ने अपराधियों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ के बाद दो बड़ी चोरियों का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी हुए सभी कीमती सामान बरामद कर अपराधियों को न्यायालय में पेश किया।
पहली घटना में, दीपक सिंह के घर में हुई चोरी के दौरान पुलिस ने सटीक जांच के माध्यम से चोरी की गई सभी वस्तुएं बरामद कीं। पूछताछ के दौरान अपराधियों ने चोरी के सामान को छिपाने के स्थान की जानकारी दी। बरामद सामानों में एक प्राचीन चांदी का सिक्का भी शामिल था, जिसने पुलिस को दूसरी बड़ी चोरी का सुराग दिया। इस चांदी के सिक्के के माध्यम से पुलिस ने रानीगंज के गिर्जा पाड़ा स्थित रहमत नगर इलाके में 17 नवंबर को प्रबास पाल के घर में हुई चोरी का खुलासा किया। उस वक्त घर के सदस्य अनुपस्थित थे, जिसका फायदा उठाकर अपराधियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।पुलिस ने इस मामले में कुख्यात अपराधी बादशाह खान से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने दूसरी चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद, पुलिस की विशेष टीम ने व्यापक छानबीन करते हुए चोरी की गई भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने, मूल्यवान कैमरे, मोबाइल, और अन्य कीमती सामान बरामद किए।

रानीगंज थाने में आयोजित पत्रकार वार्ता में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास ने चोरी का खुलासा करते हुए मीडिया को जानकारी दी। उनके साथ एसीपी (सेंट्रल-2) बिमान मृधा, रानीगंज थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विकास दत्त और पुलिस टीम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि बादशाह खान इससे पहले भी 14 से अधिक मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का मास्टरमाइंड रह चुका है। हालांकि, कुछ समय तक इलाके से फरार रहने के बाद उसने पुनः चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने न केवल इस गिरोह का भंडाफोड़ किया बल्कि इलाके में अपनी सक्रियता और सख्ती का प्रमाण भी दिया।















Users Today : 0
Users Yesterday : 64