
आसनसोल : सालानपुर ब्लॉक के रूपनारायणपुर पंचायत अंतर्गत व्यस्ततम रूपनारायणपुर-झारखंड रोड पर बीते शाम को अप्रत्याशित घटना ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार टोटो ने रूपनारायणपुर रेलगेट के बैरिकेड को टक्कर मार दी, जिससे बैरिकेड बीच से टूटकर सड़क पर गिर गया।

घटना के समय रेलगेट बंद किया जा रहा था क्योंकि उस मार्ग पर ट्रेन का आवागमन हो रहा था। उसी दौरान, झारखंड रोड की ओर जा रहे टोटो ने संतुलन खोकर बैरिकेड में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तीव्र थी कि बैरिकेड सड़क पर गिरकर यातायात अवरुद्ध हो गया।

मौके पर मौजूद रेलवे कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए मैन्युअल तरीके से दोनों ओर के बैरिकेड्स को गिरा दिया ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके। इसके परिणामस्वरूप इस मार्ग पर पूरी तरह से यातायात ठप हो गया।

इस सड़क पर यातायात का घनत्व अत्यधिक है, और बैरिकेड टूटने से यात्रियों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ा। रेल अधिकारियों ने कहा कि मरम्मत कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाएगा ताकि आवागमन सुचारु किया जा सके। स्थानीय निवासियों ने इस घटना पर नाराजगी व्यक्त की और टोटो चालकों से अधिक सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने प्रशासन से भी अपील की कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाए।















Users Today : 1
Users Yesterday : 64