
आसनसोल : पश्चिम बंगाल विधानसभा में पारित महिला और बाल संरक्षण से संबंधित ‘अपराजिता विधेयक’ को कानून का रूप देने हेतु केंद्र सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग करते हुए सालानपुर ब्लॉक महिला तृणमूल कांग्रेस ने विशाल पदयात्रा का आयोजन किया।

यह पदयात्रा रूपनारायणपुर तृणमूल कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ होकर रूपनारायणपुर बस स्टैंड तक संपन्न हुई। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं शामिल हुईं, जिन्होंने अपनी उपस्थिति से इस आंदोलन को बल प्रदान किया। पदयात्रा का नेतृत्व ब्लॉक महिला तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष अपर्णा राय ने किया।

उनके साथ जिला परिषद कर्माध्यक्ष मोहम्मद अरमान, ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के सह-अध्यक्ष भोला सिंह, श्रमिक संगठन के अध्यक्ष मनोज तिवारी सहित ब्लॉक के अन्य प्रमुख नेता एवं पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।इस अवसर पर अपर्णा राय ने कहा, “राज्य विधानसभा द्वारा पारित यह विधेयक महिलाओं और बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का एक ऐतिहासिक कदम है।

इसे कानून का रूप देने के लिए राष्ट्रपति की स्वीकृति अत्यावश्यक है। जब तक इस विधेयक को कानूनी रूप नहीं दिया जाता, तब तक दोषियों को सजा नहीं मिल सकेगी। हमारी यह पदयात्रा इसी उद्देश्य के समर्थन में है।”स्थानीय लोगों ने भी इस कदम की सराहना की और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सरकार से तत्परता की मांग की।















Users Today : 1
Users Yesterday : 64