
आसनसोल : हाल ही में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में आलू की कीमतों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से सख्त निर्देश जारी किए थे कि बंगाल से अन्य राज्यों में आलू का अवैध परिवहन न हो। इसके तहत बंगाल-झारखंड सीमा पर सभी चेकपोस्टों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी गई है।

इसी क्रम में एडीपीसी ने एनएच-19 पर स्थित दुबरडीह चेकपोस्ट पर वाहनों की गहन तलाशी और प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। बीते रात बाराबनी थाना पुलिस ने रुनाकुड़ाघाट चेकपोस्ट पर आलू से भरे 12 चक्का ट्रक को पकड़ा, जो झारखंड ले जाने की फिराक में था। चालक ने पुलिस को पॉलिथीन के फर्जी चालान दिखाकर भ्रमित करने का प्रयास किया।

बाराबनी थाना पुलिस द्वारा नियमित चेकिंग के दौरान जब ट्रक को रोका गया, तो चालक ने दावा किया कि ट्रक में आलू लदा हुआ है। लेकिन जब पुलिस ने चालान देखा, तो उसमें पॉलिथीन लदे होने का उल्लेख पाया गया। इससे स्पष्ट हुआ कि आलू कारोबारियों द्वारा झारखंड में आलू की अवैध तस्करी का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए चालक और खलासी को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की। सुबह दोनों को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस प्रकार के अवैध परिवहन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कदम से आलू तस्करी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का यह सख्त रुख प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रण में रखने की दिशा में प्रभावी साबित हो रहा है।















Users Today : 1
Users Yesterday : 64