
रानीगंज : पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल क्षेत्र में कोयला चोरी से जुड़े एक मामले में तृणमूल कांग्रेस के पंचायत सदस्य कालीचरण बाउरी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के जेके नगर क्षेत्र से कोयला लदे एक ट्रक को जब्त किया, जो चोरी किए गए कोयले को ले जा रहा था। घटना के बाद से आरोपी पंचायत सदस्य फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ईसीएल की एक कोयला खदान से अवैध रूप से कोयला निकालकर ट्रक पर लादा गया था। यह कोयला दुर्गापुर से बनारस ले जाया जाना था, लेकिन बीच रास्ते में चोरी कर लिया गया। शनिवार रात पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक चालक को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।

ट्रक चालक से पूछताछ के दौरान कालीचरण बाउरी का नाम सामने आया। इसके बाद जामुरिया थाना के श्रीपुर फांड़ी में आरोपी पंचायत सदस्य समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कई अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
रानीगंज तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष देवनारायण दास ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यदि कालीचरण बाउरी दोषी पाए जाते हैं, तो पार्टी उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। पार्टी ऐसी आपराधिक गतिविधियों का समर्थन नहीं करती और दोषियों को किसी भी स्थिति में माफ नहीं किया जाएगा। कानून अपना काम करेगा।” पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
इस घटना ने कोयला खदानों से हो रही अवैध गतिविधियों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले से जुड़े सभी अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।















Users Today : 1
Users Yesterday : 64