
आसनसोल : सेल आईएसपी (इस्पात संयंत्र) के तत्वावधान में गुरुवार को विक्रेता सभा का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय व्यापारियों को विस्तार योजनाओं और व्यावसायिक अवसरों से अवगत कराया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईएसपी-डीएसपी के निदेशक ब्रजेंद्र प्रताप सिंह थे।
सभा में बताया गया कि सेल के 35,000 करोड़ रुपये के विस्तार परियोजना में स्थानीय विक्रेताओं के लिए नए व्यापारिक अवसर सृजित किए जा रहे हैं। साथ ही, इनवॉइस मार्ट संस्था द्वारा एक अभिनव योजना प्रस्तुत की गई, जिसके अंतर्गत सरकारी संस्थानों को बेचे गए उत्पादों का भुगतान केवल 24 घंटे के भीतर किया जा सकेगा।

सभा में एसबीएफसीआई (स्टील बिजनेस फेडरेशन ऑफ चैंबर्स ऑफ इंडिया) के महासचिव जगदीश बागड़ी ने एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। उन्होंने मांग की कि सेल द्वारा जारी बड़े टेंडरों की जानकारी फेडरेशन को दी जाए, ताकि स्थानीय व्यापारी इन बड़ी संस्थाओं से व्यावसायिक संबंध स्थापित कर सकें और व्यापार में सहभागिता बढ़ा सकें।
इस कार्यक्रम में बर्नपुर चैंबर के सुभाष अग्रवाल, एसबीएफसीआई के महासचिव जगदीश बागड़ी, निखिलेश उपाध्याय, प्रेम गोयल, फायरब्रिक्स के प्रदीप बियानी और संभु झा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कार्यक्रम में यह भी चर्चा की गई कि सेल का विस्तारीकरण परियोजना स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्रीय व्यापार को मजबूत करेगी। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाएगा कि स्थानीय व्यापारी बड़े उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित कर सकें।
इस सभा ने स्थानीय व्यापारियों को न केवल सेल की योजनाओं से जुड़ने का मंच प्रदान किया, बल्कि उनके व्यावसायिक विकास के लिए नए रास्ते भी खोले।















Users Today : 8
Users Yesterday : 64