
आसनसोल : चेलीडंगाल स्थित एक निजी कोचिंग सेंटर के स्थानांतरण की घोषणा से नाराज विद्यार्थियों ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कोचिंग सेंटर द्वारा विद्यार्थियों को सूचित किया गया कि केंद्र को दुर्गापुर स्थानांतरित किया जा रहा है। प्रबंधन ने विद्यार्थियों को विकल्प दिया कि वे या तो दुर्गापुर जाकर कक्षाओं में भाग लें या ऑनलाइन प्रशिक्षण लें।
इस घोषणा के बाद कोचिंग में विभिन्न नौकरी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लगभग 70-80 विद्यार्थियों ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि दुर्गापुर जाकर प्रशिक्षण लेना न तो आर्थिक रूप से संभव है और न ही व्यावहारिक। वहीं, ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से प्रभावी शिक्षा की उम्मीद करना भी कठिन है। विद्यार्थियों ने स्पष्ट रूप से मांग की कि उनके बैच को आसनसोल में ही संचालित किया जाए।

आक्रोशित विद्यार्थियों ने कोचिंग प्रबंधन से अपने अधिकारों की मांग करते हुए कहा कि यदि उन्हें आसनसोल में प्रशिक्षण उपलब्ध नहीं कराया गया, तो उनकी पूरी शुल्क राशि वापस की जाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने पहले इस तरह की योजना की जानकारी नहीं दी थी और अचानक से स्थानांतरण की घोषणा करना उनके साथ अन्याय है।

घटनास्थल पर छात्रों के हंगामे को देखते हुए प्रबंधन ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि यदि उनकी मांगों को जल्द नहीं माना गया, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
इस घटनाक्रम ने छात्रों के बीच चिंता और असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है। विद्यार्थियों ने प्रशासन से अपील की है कि उनकी शिक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए उचित कदम उठाए जाएं।















Users Today : 12
Users Yesterday : 64