
दुर्गापुर : मंगलवार दोपहर दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र के शंकरपुर में ड्रग टास्क फोर्स ने विभिन्न दवा दुकानों पर छापेमारी की। ड्रग कंट्रोलर के निर्देश पर आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान दवा दुकानों में गहन निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि संबंधित दवा दुकानों के लाइसेंस वैध हैं या नहीं। इसके साथ ही दवाओं की गुणवत्ता, भंडारण की परिस्थितियां, तापमान नियंत्रण, स्टॉक रिकॉर्ड्स, पैकिंग और एक्सपायरी डेट की भी जांच की गई।

अभियान के तहत मुख्य रूप से यह देखा गया कि क्या कोई दवा अपनी निर्धारित अवधि पार कर चुकी है, या फिर बंद दवाओं को बिक्री के लिए रखा गया है। ड्रग टास्क फोर्स के इंस्पेक्टर सुमन गोस्वामी ने बताया कि इस प्रकार के छापे समय-समय पर किए जाते हैं, और इस बार जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। उन्होंने यह भी कहा कि दवा दुकान मालिकों को ड्रग कंट्रोल बोर्ड के दिशा-निर्देशों के बारे में जागरूक किया गया है।

इंस्पेक्टर गोस्वामी ने बताया कि दवा विक्रेताओं को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने लाइसेंस की नियमित नवीनीकरण प्रक्रिया पूरी करें, दवाओं को सही तापमान पर रखें, अवैध दवाओं की बिक्री से बचें, स्टॉक रिकॉर्ड्स को सही तरीके से रखें, और दवाओं की पैकिंग तथा एक्सपायरी डेट की जांच सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह छापेमारी अभियान दवा व्यवसाय में पारदर्शिता और ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है।















Users Today : 12
Users Yesterday : 64