
पूर्व बर्दवान : जिले में मंगलवार रात को हुई डबल मर्डर की सनसनीखेज घटना में पूर्व बर्दवान जिला पुलिस ने मात्र दो घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की तत्परता और चतुराई से अपराधियों का पर्दाफाश हुआ।
मंगलवार की दोपहर को बर्दवान निवासी सुपर्णा चौधरी ने भतार थाने में संपर्क कर बताया कि वह पिछले तीन दिनों से अपने मौसा अभिजीत यश और मौसी चित्ररानी यश से संपर्क नहीं कर पा रही हैं। साथ ही, उनके घर का दरवाजा भी बाहर से बंद था। पुलिस की मौजूदगी में रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने घर का ताला तोड़ा। अंदर का दृश्य दिल दहला देने वाला था – दोनों मृतक खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे और कमरे का सामान अस्त-व्यस्त था।

यह खबर जैसे ही भतार थाने को मिली, पुलिस अधीक्षक सायक दास के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर खोजी कुत्ता भेजा और तकनीकी सहायता टीम को भी मौके पर बुलाया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि महुआ सामंत नामक महिला का मृतक अभिजीत यश से पुराना विवाद था, जिसमें वह समय-समय पर पैसे की मांग करती थी, लेकिन अभिजीत ने उसे अपमानित कर वापस भेज दिया था।

इस आक्रोश के कारण, महुआ सामंत, उसके दो बेटों अरित्रा सामंत और अनिकेत सामंत ने 14 दिसंबर को अभिजीत और चित्ररानी की गला घोंटकर हत्या कर दी और घर में रखे पैसे और सामान लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने घर का ताला बाहर से लगा दिया और घटनास्थल से चले गए।
पुलिस ने आरोपी महुआ और उसके दोनों बेटों से कड़ी पूछताछ की, जिसके बाद अपराधियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्हें बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। इसके साथ ही, फोरेंसिक टीम को घटनास्थल का गहन निरीक्षण करने के लिए बुलाया गया।















Users Today : 13
Users Yesterday : 64