
आसनसोल : रेलवे विभाग यात्रियों की सुविधाओं को आधुनिक बनाने और सेवाओं को बेहतर करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में गैर आरक्षित टिकट पर यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों की सुविधा हेतु रेलवे मंत्रालय द्वारा अनरिजर्व्ड टिकट सिस्टम (यूटीएस) ऐप लॉन्च किया गया है। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म यात्रियों को बिना लाइन में खड़े गैर आरक्षित टिकट बुक करने की सुविधा प्रदान करता है।
यूटीएस ऐप को गूगल प्ले स्टोर से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है। इसे लेकर रेलवे मंत्रालय द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के मुर्गाशाल स्थित भवन में चेंबर के सदस्यों के लिए एक विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में रेलवे विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे और ऐप के उपयोग की प्रक्रिया विस्तार से समझाई।

शिविर में चेंबर के सदस्यों को बताया गया कि यह ऐप कैसे यात्रियों को लंबी कतारों से बचाते हुए समय की बचत करता है। ऐप के माध्यम से यात्री कहीं से भी आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं। यह डिजिटल सुविधा रेलवे सेवाओं को तकनीकी रूप से उन्नत और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मौके पर आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभू नाथ झा ने कहा कि यह शिविर बेहद सफल रहा और उपस्थित व्यवसायियों ने इस तकनीकी नवाचार की उपयोगिता को समझा। शिविर के दौरान चेंबर के पूर्व अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, संतोष दत्ता, अशोक अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, संजय सहित अन्य प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।

शंभू नाथ झा ने बताया कि रेलवे विभाग द्वारा इस प्रकार के जागरूकता अभियान से व्यापारियों सहित आम यात्रियों को लाभ होगा। डिजिटल युग में यूटीएस ऐप, गैर आरक्षित टिकटिंग प्रक्रिया को सरल, तेज और सुविधाजनक बनाते हुए यात्रियों के समय और श्रम की बचत करेगा।
रेलवे के इस कदम को यात्रियों की सुविधा और रेलवे सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।















Users Today : 13
Users Yesterday : 64