
बर्नपुर : हीरापुर थानान्तर्गत बर्नपुर बस स्टैंड के पास स्थित मिनी मार्केट में चोरी की बढ़ती घटनाओं से व्यापारियों में गहरा आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे चोरों का मनोबल बढ़ता जा रहा है।
ताजा घटना में, सोमवार रात को मिनी मार्केट की कई दुकानों में चोरी की गई। एक मोबाइल दुकान के मालिक ने बताया कि चोर उनकी दुकान से कई महंगे मोबाइल और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत करने पर पुलिस इसे बच्चों का काम बताकर टाल देती है।

स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि अगर यह चोरी बच्चों द्वारा की जा रही है, तो उनके माता-पिता को जिम्मेदार ठहराया जाए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए। दुकानदारों ने पुलिस से मांग की है कि इन घटनाओं पर तुरंत रोक लगाने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं।
व्यापारियों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मंगलवार को हीरापुर थाने पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चोरी की घटनाओं पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

गौरतलब है कि मिनी मार्केट में पिछले कुछ महीनों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। व्यापारियों का कहना है कि रात के समय सुरक्षा व्यवस्था न होने से चोरों को खुली छूट मिल रही है। स्थानीय निवासी और दुकानदार पुलिस की निष्क्रियता से नाराज हैं और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि चोरी की इन घटनाओं को गंभीरता से लिया जाए और दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए, ताकि इलाके में व्यापारी और ग्राहक दोनों सुरक्षित महसूस कर सकें।















Users Today : 21
Users Yesterday : 49