
जामुड़िया : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के साइबर सेल ने साइबर अपराध पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से जामुड़िया सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान के अंतर्गत जामुड़िया थाना के साइबर सेल को विशेष सफलता मिली, जहां दो अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्तियों में पहला आरोपी मोहम्मद आसिफ, जो जामुड़िया के वार्ड संख्या 2, शिवपुर का निवासी है, और दूसरा आरोपी पिंटू मित्र है, जो मूल रूप से रामपुरहाट का निवासी है लेकिन वर्तमान में जामुड़िया के वार्ड संख्या 5, कुआमोड़ा में किराए पर रह रहा था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा और उनके पास से साइबर अपराध में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बरामदगी की। प्रारंभिक जांच में इन दोनों पर साइबर धोखाधड़ी और डिजिटल अपराधों में लिप्त होने का संदेह है।

गिरफ्तार आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने दोनों को सात दिन की पुलिस हिरासत में लेकर गहन पूछताछ करने का अनुरोध किया है। पुलिस का मानना है कि इनसे पूछताछ के दौरान साइबर अपराध के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।
इस कार्रवाई को क्षेत्र में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।















Users Today : 15
Users Yesterday : 31